शनिवार, 7 सितंबर 2024

द्वितीय केदार, मद्महेश्वर धाम को विकसित करें

द्वितीय केदार, मद्महेश्वर धाम को विकसित करें 

पंकज कपूर 
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वपूर्ण घोषणा के तहत पंचकेदारों में से द्वितीय केदार, मद्महेश्वर धाम को विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही केदारनाथ धाम के अंतिम मोटर पड़ाव गौरीकुंड स्थित मां गौरी के मंदिर का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
धर्मस्व व संस्कृति विभाग ने इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। विकास कार्यों की विस्तृत परियोजना आख्या (डीपीआर) तैयार करने का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है, जो श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के समन्वय से इस परियोजना को अमल में लाएगा।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
मद्महेश्वर धाम, जो 3,497 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ विकास खंड में आता है और पंच केदारों में इसका द्वितीय स्थान है। यहां भगवान शिव के नाभि रूप की पूजा होती है। इसी प्रकार, मां गौरी का मंदिर गौरीकुंड में स्थित है, जो केदारनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
यह कदम धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम प्रयास है।

60 फीट गहरी खाई में गिरीं पिकअप, 3 की मौत

60 फीट गहरी खाई में गिरीं पिकअप, 3 की मौत 

मनोज सिंह ठाकुर 
रतलाम। घाट पर चढ़ते समय हुए हादसे में मजदूरों से भरी पिकअप के 60 फीट गहरी खाई में जाकर गिर जाने से मौके पर हाहाकार मच गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। जख्मी हुए 20 लोगों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें पांच की हालत गंभीर होना बताई जा रही है। शनिवार को रावटी-धोलावाड मार्ग पर हुए हादसे में रावटी के खेड़ी खुर्द ग्राम पंचायत के रहने वाले आधार सैकड़ा से भी ज्यादा मजदूर फसल कटाई करने के लिए पिकअप में सवार होकर रतलाम जा रहे थे। जैसे ही आधा सैकड़ा मजदूरों से भरी यह पिकअप खेड़ी कला गांव और धोलावाड़ डैम के पास बने घाट पर पहुंची तो घाट पर चढ़ते समय पिकअप के ब्रेक फेल हो गए। परिणाम स्वरूप गाड़ी वापसी दौड़ते हुए तकरीबन 50 फीट गहरी आई में जाकर पलट गई। 
हादसा होते ही मौके पर मची चीख पुकार को सुनकर मदद के लिए दौड़े आसपास के लोगों ने घायल हुए लोगों को बाहर निकाला। इसी बीच हादसे की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पांच एंबुलेंस की मदद से घायल हुए बीस से भी ज्यादा लोगों को ट्रीटमेंट के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज एवं रावटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। 
इस हादसे में एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई है। जिनके शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है 'आप'

सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है 'आप' 

राणा ओबरॉय 
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन की बातचीत प्रारंभिक चरण में है। लेकिन, पार्टी राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। 
आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक सवाल के जवाब में आज कहा कि हरियाणा चुनाव में गठबंधन को लेकर कांग्रेस के साथ बातचीत चल रही है। इसलिए उस पर कुछ कहना सही नहीं है। पार्टी हरियाणा में लगातार काम कर रही है और आज भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की हरियाणा में सभा है। हम पूरी तरह से राज्य की 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। 
उन्होंने कहा कि हम लोग आख़िरी के पाँच दिन में मेहनत नहीं करने वाले, बल्कि वहाँ पहले से संगठन का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में हमारी पार्टी के कुरुक्षेत्र से सुशील गुप्ता चुनाव लड़े थे। जिनको पाँच लाख से अधिक वोट मिले थे और बहुत कम के अंतर से चुनाव हारे थे। इससे पता चलता है कि जमीन पर हमारा संगठन कितना मज़बूत है। आप नेता ने कहा कि हमें उम्मीद है कुछ निष्कर्ष निकलेगा और एक दो दिनों में सीटों की घोषणा हो जाएगी। 
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और आप के बीच हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर बातचीत के बीच कल कांग्रेसी ने अपने 31 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। राज्य में नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर है।

'संपूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया

'संपूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया 

तहसील मंझनपुर में एसपी और एडीएम ने सुनी जन-शिकायते

204 शिकायतो में 13 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण कर सके अधिकारी

संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत शिकायत निस्तारित करने के निर्देश

संतलाल मौर्य 
कौशाम्बी। जनपद के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार गोंड एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील मंझनपुर में जन-शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिए। 
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएं कि कोई भी शिकायत लम्बित न होने पाएं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। 
समाधान दिवस में शिकायतकर्ता भूरी पुत्र-शारदा निवासी ग्राम-छिमिरछा ने अवगत कराया कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों द्वारा उनकी भूमिधरी पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक लेखपाल को प्रकरण की जांच कर प्रकरण का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शिकायतकर्ता अमर सिंह निवासी ग्राम-गुवारा तैयबपुर ने अवगत कराया कि कुछ लोगों द्वारा उनके खेत एवं घर पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने एसओ करारी को प्रकरण की जॉच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 
तहसील सिराथू में कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 06 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा तहसील चायल में कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार एवं उप जिलाधिकारी आकाश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

मिलों की स्थापना व आधुनिकीकरण पर जोर दिया

मिलों की स्थापना व आधुनिकीकरण पर जोर दिया 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उनके जीवन-स्तर में सुधार के लिए भी प्रयासरत है। प्रदेश के गन्ना किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए योगी सरकार ने चीनी मिलों की स्थापना और आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार की बागपत और मुजफ्फरनगर में चीनी मिलों के आधुनिकीकरण की योजना है। इसमें इन मिलों की कार्यक्षमता में सुधार के साथ ही तकनीकी अपग्रेडेशन शामिल है। 
हाल ही में मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इस पर विचार किया गया। इसमें किसान सहकारी चीनी मिल बागपत की कार्यक्षमता में सुधार के लिए मार्जिनल विस्तार (2500 टीसीडी से 3000 टीसीडी क्रशिंग क्षमता), तकनीकी अपग्रेडेशन एवं आधुनिकीकरण कार्य से संबंधित प्रस्ताव के लिए 84.77 करोड़ की लागत का अनुमान जताया गया है।
इसमें 50 प्रतिशत राज्य सरकार से अंश पूंजी के रूप में तो 50 प्रतिशत ऋण के रूप में लिए जाने की वित्तीय व्यवस्था की जाएगी। 2024-25 के शासकीय बजट में 65 करोड़ के अनुदान के तहत निवेश/ऋण का प्रावधान है। मिल के आधुनिकीकरण की आवश्यकता के बारे में बताया गया कि मिल के कमांड एरिया में गन्ने की प्रचुर उपलब्धता है। साथ ही मिल द्वारा लगभग 4.82 लाख टन गन्ने की पेराई की जा रही है। अगले 5 वर्षों में कारखाने के कमांड एरिया से प्लांट को लगभग 5.01 लाख टन गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। 
इसी तरह गंगा किसान सहकारी चीनी मिल लि. मोरना, मुजफ्फरनगर की कार्यक्षमता में मार्जिनल विस्तार (2500 टीसीडी से 3000 टीसीजी क्रशिंग कैपेसिटी), तकनीकी अपग्रेडेशन एवं आधुनिकीकरण कार्य के लिए 88.02 करोड़ की प्रस्तावित लागत का अनुमान जताया गया है। यहां भी वित्तीय व्यवस्था समान रहेगी, जबकि आधुनिकीकरण की आवश्यकता के विषय में कमांड एरिया में गन्ने की प्रचुर उपलब्धता, लगभग 4.85 लाख टन गन्ने की पेराई के साथ ही अगले 5 वर्षों में 5.40 लाख टन गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। तकनीकी अपग्रेडेशन एवं आधुनिकीकरण से इन मिलों को काफी लाभ मिलेगा। स्टीम एवं पावर कंजप्शन में कमी आएगी, गन्ने की समय से पेराई होगी। बगास की बचत के साथ ही चीनी परता में वृद्धि होगी।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-323, (वर्ष-11)

पंजीकरण संख्या:- UPHIN/2014/57254

2. रविवार, सितंबर 08, 2024

3. शक-1945, भाद्रपद, शुक्ल-पक्ष, तिथि-पंचमी, विक्रमी सवंत-2079‌‌। 

4. सूर्योदय प्रातः 05:39, सूर्यास्त: 06:58।

5. न्‍यूनतम तापमान- 35 डी.सै., अधिकतम- 40 डी.सै.। गर्जना के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।

7. स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय (डिजीटल सस्‍ंकरण)। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

गोरखपुर में एक 'फॉरेस्ट्री कॉलेज' बनाएं वन विभाग

गोरखपुर में एक 'फॉरेस्ट्री कॉलेज' बनाएं वन विभाग 

संदीप मिश्र 
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा है कि गोरखपुर में एक फॉरेस्ट्री कॉलेज बनाएं। जहां वन से संबंधित पढ़ाई के लिए डिग्री और डिप्लोमा के पाठ्यक्रम चलाए जाएं। इससे वन विभाग की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न पदों पर युवाओं को नौकरी भी मिल सकेगी। साथ ही यह फॉरेस्ट्री को विकसित करने और वन संरक्षण का बड़ा माध्यम भी बनेगा। 
सीएम योगी शुक्रवार को गोरखपुर वन प्रभाग के कैम्पियरगंज रेंज के भारीवैसी में स्थापित दुनिया के पहले जटायु  राजगिद्ध (रेड हेडेड वल्चर) संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र’ का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस केंद्र के निर्माण में योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। 
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब विकास प्रकृति और पर्यावरण को बचाकर किया जाएगा, तभी वह सतत विकास होगा। लंबे समय तक उसका लाभ मिलेगा। प्रकृति और पर्यावरण की कीमत पर होने वाला विकास क्षणिक और खतरनाक होता है। इसके दूरगामी परिणाम होते हैं। 
गिद्धराज जटायु के रामायणकालीन आख्यान का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पेस्टीसाइड के दुष्प्रभाव से पर्यावरण के संरक्षक गिद्धों की संख्या तेजी से घटी है। उनके संरक्षण के लिए यूपी और भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया का पहला संरक्षण केंद्र कैम्पियरगंज में खोला गया है। खुशी की बात यह भी है कि इस केंद्र में वनटांगिया समुदाय के लोग भी केयरटेकर के रूप में नौकरी से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और इसके जीवों को बचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों को हरतालिका तीज के पावन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि आज हम जटायु संरक्षण केंद्र के माध्यम से अपनी वैदिक और पौराणिक परंपरा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं। गिद्धराज जटायू धर्म और नई गरिमा की रक्षा के लिए रामायण काल के पहले बलिदानी थे। उन्होंने सीताजी के दुखभरे वचन को सुनकर ही जान लिया था कि यह आवाज रघुकुल तिलक श्रीराम की अर्धांगिनी का है। 
गिद्धराज जटायु राजा दशरथ के मित्र थे। मित्रता निभाने और नारी गरिमा की रक्षा के लिए वे निहत्थे ही रावण से भिड़ गए और खुद को बलिदान कर दिया। रामायण से हमें मित्रता, नारी गरिमा, मर्यादा, अनुशासन और वचन रक्षा की प्रेरणा मिलती है। आज के कालखंड में भी पर्यावरण की शुद्धि के लिए जो कार्य जटायु के वंशजों द्वारा किया जाता है, वह अविस्मरणीय है। जटायु के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए, रामायणकालीन उनकी स्मृतियों को बनाए रखने के लिए अयोध्या में राम मंदिर के सामने गिद्धराज जटायु की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है और अब यह जटायु संरक्षण केंद्र भी उसी की कड़ी है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  1. अंक-335, (वर्ष-11) पंजीकरण संख्या:- UPHIN/2014/57254 2. शुक्रवार, सितंबर 20, 2024 3. शक-1945, आश्विन, कृष्ण-पक्ष...