बुधवार, 11 मई 2022

खालिस्तान के झंडे लगाने व नारे लिखने का मामला

खालिस्तान के झंडे लगाने व नारे लिखने का मामला  

इकबाल अंसारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने धर्मशाला में राज्य की शीतकालीन विधानसभा के मुख्य द्वार पर खालिस्तान के झंडे लगाने और उसकी दीवारों पर नारे लिखने के मामलें में बुधवार को पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी। व्यक्ति ने रविवार को कथित रूप से अलगाववादी समूह के झंडे वहां बांधे थे। इस कार्य की सभी राजनीतिक दलों ने निंदा की थी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। ठाकुर ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में मीडिया को पुलिस की सफलता के बारे में बताया। पुलिस ने सुबह पंजाब से हरवीर सिंह नामक शख्स को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि सिंह ने खालिस्तानी झंडा लगाने और धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर की बाहरी दीवार पर अलगाववादी नारे लिखने की बात कबूल की है।

12वीं कक्षा के एक विद्यार्थी को मारा चाकू, मौंत

12वीं कक्षा के एक विद्यार्थी को मारा चाकू, मौंत 

अकांशु उपाध्याय  

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में सराय रोहिल्ला इलाके की झुग्गी बस्ती में किसी बात पर झगड़ा होने पर एक युवक ने 12वीं कक्षा के एक विद्यार्थी को कथित तौर पर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौंत हो गई। चाकू लगने से एक महिला घायल हो गयी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस वारदात के सिलसिले में आरोपी आरजू (22) को गिरफ्तार किया गया है। उसके अनुसार, मंगलवार को रात करीब नौ बजे आरजू की मां और प्रवीण नामक महिला के बीच झगड़ा शुरू हो गया। उनके बीच पुरानी रंजिश थी। दोनों के पति दिहाड़ी मजदूर हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन अपने घरों के समीप जब महिलाएं झगड़ रही थीं तब आरजू वहां पहुंचा। उसने प्रवीण को अपशब्द कहे और उसपर चाकू से वार कर दिया।

पुलिस का कहना है कि आरजू के पिता ने प्रवीण के पति से जब कुछ काम नहीं दिलाने को लेकर सवाल जवाब किया तब यह झगड़ा शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार इस बीच कक्षा बारहवीं का छात्र मोहम्मद समीर अपने तीन दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था। जब उसने झगड़ा होते हुए देखा तो उसने हस्तक्षेप किया। इस पर आरजू ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और समीर को चाकू मार दिया। पुलिस के अनुसार, समीर की मौके पर ही मौत हो गयी और घायल महिला प्रवीण का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बतायी गयी है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा,‘‘ हमने भादंसं की धाराओं 302 (हत्या) एवं 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी आरजू एवं उसकी मां को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है जबकि बाकी फरार आरोपियों की धर-पकड़ की कोशिश की जा रही है।

अवैध निर्माण व आपूर्ति में शामिल गिरोह का भंडाफोड़

अवैध निर्माण व आपूर्ति में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ 

मनोज सिंह ठाकुर  

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने आग्नेय हथियारों के अवैध निर्माण और आपूर्ति में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को बुधवार को धर दबोचा। इनके कब्जे से 15 पिस्तौल और इस आग्नेय हथियार की 590 अर्द्धनिर्मित बैरल बरामद की गई हैं। पुलिस के एक आला अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निमिष अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर सबसे पहले अकाल सिंह को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि सिंह की निशानदेही पर प्रेम सिंह उर्फ गोलू और कृष्णकांत झा को गिरफ्तार किया गया।

गलियारा परियोजना शुरू करने की अनुमति नहीं

गलियारा परियोजना शुरू करने की अनुमति नहीं 

इकबाल अंसारी 
भुवनेश्वर। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा उड़ीसा उच्च न्यायालय के समक्ष यह कहने के एक दिन बाद कि उसने राज्य सरकार को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास विरासत गलियारा परियोजना शुरू करने की अनुमति नहीं दी। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजद पर “अवैध” गतिविधियों को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया है।
एएसआई ने सोमवार को एक हलफनामे में उच्च न्यायालय को बताया कि ओडिशा सेतु एवं विनिर्माण निगम लिमिटेड (ओबीसीसी) के अधिकारियों, जगननाथ मंदिर प्रशासन के साथ संयुक्त निरीक्षण और मौके पर चर्चा के दौरान पाया गया कि मंदिर परिक्रमा गलियारा (कॉरिडोर) परियोजना के लिए सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी कोई वैध अनुमति या अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं था।
संगठन ने इसपर पर भी गौर किया कि इस बात की पूरी संभावना थी कि खुदाई या मिट्टी हटाने के दौरान ओबीसीसी ने विरासत स्थल के पुरातात्विक अवशेषों को नष्ट कर दिया हो। भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, जिन्होंने पहली बार संसद में इस मुद्दे को उठाया था, ने ट्वीट किया, ”एएसआई द्वारा उड़ीसा उच्च न्यायालय में अपने हलफनामे के हिस्से के रूप में दायर संयुक्त निरीक्षण जानकारी पढ़ने योग्य है।
राज्य सरकार के गलत काम एकदम स्पष्ट हैं।” उन्होंने ट्वीट के साथ संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट भी संलग्न की। सारंगी ने यह भी कहा कि मंदिर से सटे बुनियादी ढांचे के निर्माण पर जनता का पैसा खर्च किया जा रहा है, कुछ ऐसा जो कम से कम 100 मीटर दूर किया जा सकता था।
उन्होंने कहा, ”अगर कल संरचनाओं को अवैध घोषित कर दिया जाता है, तो सैकड़ों करोड़ रुपये की बर्बादी के लिए कौन जिम्मेदार होगा, जो ओडिशा (लोगों) की मेहनत की कमाई है?” उन्होंने लिखा, “एएसआई द्वारा माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष एक हलफनामा दायर करने के बाद, मुझे विश्वास हो गया है कि भगवान जगन्नाथ खुद को और अपने मंदिर को एक निर्वाचित राज्य सरकार से बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जो कानून का उल्लंघन करने पर आमादा है।

15 दिन के विदेश टूर पर जाने की इजाजत मांगी

15 दिन के विदेश टूर पर जाने की इजाजत मांगी 

कविता गर्ग  
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीस का जबसे महाठग सुकेश चंद्रशेखर संग कनेक्शन सामने आया है, वे कानूनी पचड़े में फंसी हुई हैं। ED ने जैकलीन पर पूरी तरह से शिकंजा कसा हुआ है। क्योंकि ED ने अभी तक सुकेश चंद्रशेखर के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन को क्लीन चिट नहीं दी है, इसलिए जांच एंजेंसी ने जैकलीन के भारत से बाहर जाने पर बैन लगाया हुआ है। इसी बैन के खिलाफ जैकलीन ने अब दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट से गुहार लगाई है। कहा, माउंटेन गर्ल जैकलीन फर्नांडीस ने कोर्ट से तुरंत 15 दिन के विदेश टूर पर जाने की इजाजत मांगी है। 
जैकलीन ने हवाला दिया है कि उन्हें 2022 IIFA अवॉर्ड समारोह में शिरकत करनी है। इसके लिए उन्हें अब धाबी जाना है। इसके अलावा जैकलीन को विदेश में फिल्म इवेंट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी है। पटियाला हाउस कोर्ट में लगाई अपनी एप्लिकेशन में जैकलीन ने कहा है कि उन्हें तुरंत अबू धाबी UAE, नेपाल, फ्रांस जाने की परमिशन दी जाए। मालूम हो कि जैकलीन के खिलाफ ED ने लुक आउट सर्कुलर जारी करवाया हुआ है। जैकलीन ने उस LOC को बन्द करने की कोर्ट से गुहार लगाई है। इसके पहले भी बिना इजाजत जैकलीन विदेश जाते वक्त मुंबई एयरपोर्ट पर हिरासत में ली गई थी। वहीं मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कुछ दिनों पहले जैकलीन फर्नांडिस की करीब 7.27 करोड़ की संपत्ति सीज की थी। जैकलीन की इस एप्लीकेशन पर कोर्ट 11 मई को सुनवाई करेगा। देखना होगा जैकलीन के फेवर में फैसला आता है या नही।

सीएम ने 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' पर बधाई प्रेषित की

सीएम ने 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' पर बधाई प्रेषित की 

मनोज सिंह ठाकुर      

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई प्रेषित की हैं। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि वे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को हार्दिक बधाई प्रेषित करते हैं। आज ही के दिन वर्ष 1998 में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सशक्त नेतृत्व में और पूर्व राष्ट्रपति डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम की दूरदर्शिता के चलते पोखरण रेंज में भारत ने सफल परमाणु परीक्षण कर विश्व पटल पर अपना परचम लहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को यह गौरवशाली दिन प्रदान करने में अमूल्य योगदान देने वाले हमारे वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के जवानों को वे नमन करते हैं। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

सोया खली का निर्यात, महज 40,000 टन रहा

सोया खली का निर्यात, महज 40,000 टन रहा  

मनोज सिंह ठाकुर  

इंदौर। ऊंची कीमतों के कारण वैश्विक मांग में कमी के चलते भारत से अप्रैल के दौरान सोया खली का निर्यात करीब 65 प्रतिशत घटकर महज 40,000 टन रह गया। अप्रैल 2021 में देश से 1.15 लाख टन सोया खली का निर्यात गया था। प्रसंस्करणकर्ताओं के इंदौर स्थित संगठन सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सोपा के कार्यकारी निदेशक डी एन पाठक ने  बताया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय सोया खली के भाव अमेरिका, ब्राजील और अर्जेंटीना के इस उत्पाद के मुकाबले लंबे समय से ऊंचे बने हुए हैं। भारतीय सोया खली की मांग में जारी गिरावट का सबसे प्रमुख कारण यही है।’’ गौरतलब है कि अमेरिका, ब्राजील और अर्जेंटीना की गिनती दुनिया के सबसे बड़े सोयाबीन उत्पादकों के रूप में होती है।

    'जिला स्तरीय सतर्कता समिति' की बैठक आयोजित

    'जिला स्तरीय सतर्कता समिति' की बैठक आयोजित  खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक संपन्न सुब...