सोमवार, 19 अप्रैल 2021

दिल्ली में सीएम अरविंद ने की लॉकडाउन की घोषणा

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई बैठक के बाद इसका ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए यह फैसला लिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में चैथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चैथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं, तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। यह अपनी सीमा पर पहुंच गया है। इसके बाद कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। कल एक अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उपराज्यपाल के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम अब बड़ी मात्रा में मरीजों को संभालने में सक्षम नहीं है। अगर अभी लॉकडाउन नहीं लगाया तो दिल्ली बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी। आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। खाने-पीने और मेडिकल व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। 50 लोगों के साथ शादियां हो सकेंगी। इसके लिए अलग से पास जारी होंगे। प्रवासी मजदूरों से मेरी गुजारिश है कि ये छोटा सा लॉकडाउन है। दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में ही पूरा समय खर्च हो जाएगा। उम्मीद है यह लॉकडाउन छोटा रहेगा। सरकार आपका ख्याल रखेगी। मैं हूं ना, मुझ पर भरोसा कीजिए।
मरीजों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार
इस बीच, पूरे देश के लिए बेहद बुरी खबर है। भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। 19 लाख 23 हजार 877 मरीज ऐसे हैं। जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

प्रियंका ने पूर्व सीएम फडणवीस पर साधा निशाना

अकांशु उपाध्याय                    

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महाराष्ट्र में एक फार्मा कंपनी के निदेशक से पूछताछ से जुड़े विवाद की पृष्ठभूमि में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा नेता का रेमडेसिविर इंजेक्शन की जमाखोरी करना मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने फडणवीस के राज्य के एक थाने पहुंचने से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘जब देश के कोने-कोने से लोग रेमडेसिविर उपलब्ध कराने की गुहार लगा रहे हैं और तमाम लोग जान बचाने के लिए किसी तरह एक शीशी रेमडेसिविर जुटाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। उस समय जिम्मेदार पद पर रह चुके भाजपा नेता का रेमडेसिविर की जमाखोरी करने का कृत्य मानवता के खिलाफ अपराध है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के उपचार में महत्वपूर्ण मानी जाने वाली रेमडेसिविर दवा की हजारों शीशियां देश से बाहर भेजने की तैयारी की खबर मिलने पर मुंबई पुलिस ने एक फार्मा कंपनी के निदेशक से पूछताछ की। पुलिस ने रविवार को कहा कि रेमडेसिविर के निर्यात पर पाबंदी है लेकिन सूचना मिली थी कि इसकी खेप मालवाहक विमान के जरिए विदेश भेजी जाने वाली है। पुलिस ने शनिवार की रात केंद्रशासित प्रदेश दमन आधारित ब्रुक फार्मा कंपनी के निदेशक राजेश डोकानिया से पूछताछ की थी। उनकी कंपनी रेमडेसिविर का उत्पादन करती है।
डोकानिया से पूछताछ किए जाने की खबर मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य भाजपा के अन्य नेता प्रवीण दारेकर पुलिस थाने पहुंच गए। फडणवीस ने कहा कि भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने रेमडेसिविर की कमी को देखते हुए विभिन्न दवा कंपनियों से संपर्क साधा था।

हिरानी के साथ रणबीर फिर फिल्मों में काम करेंगे

मनोज सिंह ठाकुर                
मुंबई। बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ फिर काम करते नजर आ सकते हैं। रणबीर कपूर ने राजकुमार हिरानी के साथ फिल्म पीके और संजू जैसी फिल्मों में काम किया है। इनके बाद अब दोनों ने फिर से साथ काम करने का फैसला किया है।बताया जा रहा है कि राजकुमार हिरानी ने रणबीर कपूर को ही ध्यान में रखकर एक स्क्रिप्ट लिखी है, जो उन्हें पसंद आई है। राजकुमार हिरानी इस फिल्म को संजू के तुरंत बाद शुरू करना चाहते थे लेकिन शाहरुख खान के लिए उन्होंने इसे होल्ड पर रख दिया था। राजकुमार हिरानी और शाहरुख खान जल्द ही एक फिल्म शुरू करने वाले हैं। जैसे ही वह खत्म होगी, राजकुमार हिरानी, रणबीर कपूर के साथ अपनी अगली फिल्म शुरू कर देंगे। राजकुमार हिरानी और रणबीर कपूर की इस फिल्म की घोषणा जल्द हो सकती है।

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हुआ: यूपी

हरिओम उपाध्याय                
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन चरणीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। जो शाम छह बजे तक चलेगा। राज्‍य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों में 2.23 लाख से अधिक पदों के लिए 3.48 लाख से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। राज्‍य में तीन करोड़ 23 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।यह चरण इसलिए महत्वपूर्ण है। क्योंकि इसमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्रधानमंत्री के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में भी मतदान होगा। इनके अलावा दूसरे चरण में अमरोहा, आजमगढ़, इटावा, एटा, कन्नौज, गोंडा, गौतम बुद्ध नगर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, बदायूं, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मैनपुरी, महराजगंज, लखीमपुर-खीरी, ललितपुर और सुल्तानपुर में भी मतदान होगा।

दुकान में सो रहे 2 लोगों को बेकाबू ट्रक ने रौंदा, मौत

कुशीनगर। जिले के हाटा कोतवाली के फोरलेन पर स्थित उपासपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के बगल में पंचर बनाने वाली दुकान में सो रहे दो लोगों को सोमवार की सुबह गोरखपुर से कसया की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। इस घटना में दुकान के परखच्चे उड़ गये तथा उसमें सो रहे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।बिहार के वैशाली निवासी सुकेश पासवान (उम्र 22 वर्ष) हाटा कोतवाली के फोरलेन पर स्थित उपासपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के बगल में पंचर बनाने का काम करता था। रविवार की रात खाना खाने के बाद सुकेश अपने पंचर बनाने की दुकान में सोया हुआ था।उसके साथ बगल के ढ़ाबे पर काम करने वाला मजदूर अभिमन्यु प्रसाद (उम्र 45 वर्ष) भी सोया हुआ थे। सोमवार की तड़के सुबह लगभग पांच बजे गोरखपुर से कसया को जा रही तेजगति से बेकाबू ट्रक ने हाइवे किनारें लगे पेड़ों को उखाड़ते हुए पंचर बनाने वाली दुकान को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करते हुए रौंद दिया।
इस हादसे में सो रहे सुकेश व अभिमन्यु की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक घटना स्थल पर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर तत्काल पहुंचे चौकी प्रभारी सुकरौली सुरेन्द्र बहादुर सिंह ने दुकान में फंसें शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा घटना स्थल पर मौजूद ट्रक को अपने कब्जे में लिया।

यूपी के पूर्व राज्यपाल नाईक मिलें कोरोना पॉजिटिव

हरिओम उपाध्याय              
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक कोरोना पॉजिटिव है। पूर्व राज्यपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति मेें यह जानकारी दी गई की स्वयं को अपने निवास पर ही क्वारंटाईन किया है। हल्का बुखार आने पर राम नाईक ने जाँच करवाई। जिसमें उन्हें कोरोना का संक्रमण पाया गया। मुम्बई के मालाड, स्थित संजीवनी अस्पताल के डॉ.सुनिल अग्रवाल व डॉ. राजेश बिनयाला की निगरानी में अब नाईक का स्वास्थ्य सुधर रहा है।

देश में संक्रमण के 15.34 लाख से अधिक मामलें

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा और दिन प्रतिदिन विकराल रूप लेता जा रहा है। एक सप्ताह में देश में काेराेना के 15.34 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। जहां पिछले सोमवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 1.35 करोड़ से ज्यादा थी वहीं आज सुबह तक संक्रमितों की संख्या 1.50 करोड़ के पार पहुंच गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 2,73,810 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 50 लाख 16 हजार 919 हो गयी है। वहीं इस दाैरान रिकाॅर्ड 1,44,178 मरीज स्वस्थ होने के साथ इस महामारी से अभी तक 1,29,53,821 मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 19 लाख को पार कर 19,29,329 हो गये हैं। इसी अवधि में 1619 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,78,769 हो गयी है। जबकि अभी तक 12,38,52,566 लोगों को कोरोना को टीका लग चुका है।

महाराष्ट्र में कोरोना के 68,631 नए मामलें सामने आएं

मनोज सिंह ठाकुर          
मुंबई। कोविड-19 के मामलों में तेज वृद्धि को रोकने के लिए संघर्ष कर रहे महाराष्ट्र ने अन्य स्थानों से ‘कोरोना वायरस के अन्य स्वरूपों की आमद’ रोकने के लिए दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तथा पांच राज्यों को संवेदनशील घोषित किया है। महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंते के हस्ताक्षर वाले एक आदेश में केरल, गोवा, गुजरात, दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, राजस्थान और उत्तराखंड को रविवार को संवेदनशील स्थान घोषित किया गया। आदेश के अनुसार, इन स्थानों से महाराष्ट्र आने वाले यात्रियों को ट्रेन में यात्रा करने से पहले 48 घंटे के भीतर कराई गई आरटी-पीसीआर जांच की रिपोर्ट दिखानी होगी। जिनमें उनके संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हो। बयान में कहा गया कि महाराष्ट्र में कोविड-19 की रोकथाम और ‘अन्य स्थानों से महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अन्य स्वरूपों दिल्ली में रविवार को संक्रमण के एक दिन के भीतर अब तक से सर्वाधिक 25,462 नए मामले सामने आए। संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में रविवार को संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 68,631 नए मामले सामने आए और 503 मरीजों की मौत हो गई। आमद को रोकने’ के लिए यह फैसला लिया गया है।

ऑक्सीजन पूर्ति, रक्षामंत्री ने यूपी में संभाला मोर्चा

हरिओम उपाध्याय      
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में बढ़ते कोरोना संक्रमण के साथ मरने वालों की संख्या बढ़ रही है।अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी बनी हुई है। इसी बीच देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने शहर के अस्पतालों के लिए जम्बो ऑक्सीजन सिलेंडर भेजने शुरू किए हैं। सिलेंडर की पहली खेप लखनंऊ पहुंच चुकी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ को निर्देश दिए हैं कि ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी को अनदेखा न किया जाये, लोगों की जान बचाना पहली प्राथमिकता है। बता दें कि राजनाथ सिंह के लखनऊ में सेना के 250 और 300 बेड के कोविड अस्पताल बनाने के निर्देश पर अमल भी शुरू हो गया है।
पांच हजार लीटर है पहली खेप की क्षमता
अधिकारियों ने बताया ऑक्सीजन सिलेंडर की पहली खेप की पांच हजार लीटर की क्षमता है, जो अगले कुछ दिनों के लिए पर्याप्त है। अब डीआरडीओ इससे लखनऊ के अस्पतालों में डॉक्टरों की सूचना पर भेजेगा।
ऑक्सीजन न मिलने से अब तक कई मौतें
राजधानी के सरकारी अस्पतालो में ऑक्सीजन सिलेंडर की भारी कमी है, इस बात से डॉक्टर भी इनकार नहीं कर रहे हैं। ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनियां ऑक्सीजन की कमी को पूरा नहीं कर पा रही है। हालांकि एसजीपीजीआई में ऑक्सीजन प्लांट शुरू किया गया है, सरकार ने दस और प्लांट शुरू करने निर्देश दिए हैं।

राजस्थान में वीकेंड कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लागू की

नरेश राघानी                  
जयपुर। देश में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना को बढ़ते मामलों को देखते हुए राजस्थान सरकार ने वैश्विक महामारी कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए प्रदेश में आगामी तीन मई सुबह पांच बजे तक वीकेंड कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लागू रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में रविवार देर रात तक मुख्यमंत्री निवास पर चली उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। जन अनुशासन पखवाड़े के तहत विभिन्न गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय किया गया है।गहलोत ने कहा कि इस दौरान सरकारी कार्यालय, बाजार, मॉल्स तथा कार्यस्थल बंद रहेंगे। लेकिन श्रमिकों के रोजगार से जुड़ी गतिविधियां जैसी फैक्ट्री तथा निर्माण कार्य पर रोक नहीं होगी। साथ ही ठेला एवं फेरी लगाकर जीवनयापन करने वाले लोगों को जीविकोपार्जन की छूट दी जाएगी।

बरेली: 24 घंटों में मिलें कोरोना के 513 संक्रमित

संदीप मिश्र                  
बरेली। कोरोना संक्रमितों की संख्या ने रविवार को भी दहशत में ला दिया। 24 घंटे में 513 संक्रमित निकले। जबकि चार संक्रमितों की मौत हो गई। इतनी संख्या तब है। जब लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में रहे और जांच कराने नहीं पहुंचे। संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। लॉकडाउन लगने के बावजूद संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव में की जाने वाली लापरवाही अनियंत्रित होती जा रही है। शनिवार को जहां कोविड-19 वायरस की चपेट में 838 लोग आए थे। रविवार को लाकडाउन होने के चलते कम ही लोग जांच कराने पहुंचे। हालांकि विभाग कुछ लोगों की रिपोर्ट अपडेट नहीं कर पाया।रिपोर्ट के अनुसार इफको अस्पताल के आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। एसडीएम बहेड़ी कंपाउंड और डीएम आवास में भी संक्रमित निकले हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम के अनुसार रविवार को 513 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्थितिवार कोविड अस्पताल व होम आइसोलेशन में मरीजों को भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे चार संक्रमितों की मौत हो गई। जिसमें चुनाव ड्यूटी में तैनात फरीदपुर डायट के प्रोफेसर, मीरगंज निवासी एक महिला, कपड़ा व्यापारी व किला निवासी एक संक्रमित की मौत हुई है।
24 घंटे के अंदर बाला जी मंदिर, नवादा शेखान, इंद्रा पुरम, गंगा नगर, रामचंद्रपुरम, माधोबाड़ी, हरुनगला, गांधीपुरम, अशियाना रेजिडेंसी, लक्ष्मीपुरम, महावीर कुंज, भूड़, कोहारापीड़, कर्मचारी नगर, बिहारीपुर, महानगर कालोनी, मिनी बाईपास, अंबिका आवास, राजा विहार, शास्त्री नगर, गुलाब नगर, मेगा सिटी, जनकपुरी, स्वरुप नगर, कुसुम नगर, मिनी बाईपास, रामपुर, लोधीपुर, संत नगर, सैनिक कालोनी, हाइडिल कालोनी, नेकपुर, सिविल लाइंस, सीबीगंज, कानून गोयल, मंडल विहार, सदर, पुराना शहर, मढ़ीनाथ, बल्लिया, कृष्णा नगर, साहुकारा, केशवपुरम, एकता नगर, आलमगिरी, पटेल नगर, र्कीति नगर, राजेंद्र नगर, मानसरोवर गार्डन, नरकुलागंज, नकटिया, भोजीपुरा, इफ्को, भरतौल, ब्रहमपुरा, मुंशी नगर, विकास भवन, पंजाबपुरा, करगैना, आशीष रॉयल पार्क, आकाशपुरम में संक्रमित निकले हैं।

या देवी सर्वभू‍तेषु महागौरी रूपेण संस्थिता: नवरात्रि

माँ दुर्गाजी की आठवीं शक्ति का नाम महागौरी है। दुर्गापूजा के आठवें दिन महागौरी की उपासना का विधान है। इनकी शक्ति अमोघ और सद्यः फलदायिनी है। इनकी उपासना से भक्तों के सभी कल्मष धुल जाते हैं। पूर्वसंचित पाप भी विनष्ट हो जाते हैं। भविष्य में पाप-संताप, दैन्य-दुःख उसके पास कभी नहीं जाते। वह सभी प्रकार से पवित्र और अक्षय पुण्यों का अधिकारी हो जाता है।

स्वरूप

इनका वर्ण पूर्णतः गौर है। इस गौरता की उपमा शंख, चंद्र और कुंद के फूल से दी गई है। इनकी आयु आठ वर्ष की मानी गई है- 'अष्टवर्षा भवेद् गौरी।' इनके समस्त वस्त्र एवं आभूषण आदि भी श्वेत हैं। महागौरी की चार भुजाएँ हैं। इनका वाहन वृषभ है। इनके ऊपर के दाहिने हाथ में अभय मुद्रा और नीचे वाले दाहिने हाथ में त्रिशूल है। ऊपरवाले बाएँ हाथ में डमरू और नीचे के बाएँ हाथ में वर-मुद्रा हैं। इनकी मुद्रा अत्यंत शांत है।

कथा

माँ महागौरी ने देवी पार्वती रूप में भगवान शिव को पति-रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी, एक बार भगवान भोलेनाथ ने पार्वती जी को देखकर कुछ कह देते हैं। जिससे देवी के मन का आहत होता है और पार्वती जी तपस्या में लीन हो जाती हैं। इस प्रकार वषों तक कठोर तपस्या करने पर जब पार्वती नहीं आती तो पार्वती को खोजते हुए भगवान शिव उनके पास पहुँचते हैं। वहां पहुंचे तो वहां पार्वती को देखकर आश्चर्य चकित रह जाते हैं। पार्वती जी का रंग अत्यंत ओजपूर्ण होता है। उनकी छटा चांदनी के सामन श्वेत और कुन्द के फूल के समान धवल दिखाई पड़ती है। उनके वस्त्र और आभूषण से प्रसन्न होकर देवी उमा को गौर वर्ण का वरदान देते हैं।

एक कथा अनुसार भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए देवी ने कठोर तपस्या की थी जिससे इनका शरीर काला पड़ जाता है। देवी की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान इन्हें स्वीकार करते हैं और शिव जी इनके शरीर को गंगा-जल से धोते हैं तब देवी विद्युत के समान अत्यंत कांतिमान गौर वर्ण की हो जाती हैं तथा तभी से इनका नाम गौरी पड़ा। महागौरी रूप में देवी करूणामयी, स्नेहमयी, शांत और मृदुल दिखती हैं। देवी के इस रूप की प्रार्थना करते हुए देव और ऋषिगण कहते हैं “सर्वमंगल मंग्ल्ये, शिवे सर्वार्थ साधिके. शरण्ये त्र्यम्बके गौरि नारायणि नमोस्तुते..”। महागौरी जी से संबंधित एक अन्य कथा भी प्रचलित है इसके जिसके अनुसार, एक सिंह काफी भूखा था। वह भोजन की तलाश में वहां पहुंचा जहां देवी उमा तपस्या कर रही होती हैं। देवी को देखकर सिंह की भूख बढ़ गयी परंतु वह देवी के तपस्या से उठने का इंतजार करते हुए वहीं बैठ गया। इस इंतजार में वह काफी कमज़ोर हो गया। देवी जब तप से उठी तो सिंह की दशा देखकर उन्हें उस पर बहुत दया आती है और माँ उसे अपना सवारी बना लेती हैं क्योंकि एक प्रकार से उसने भी तपस्या की थी। इसलिए देवी गौरी का वाहन बैल और सिंह दोनों ही हैं।

पूजन विधि

अष्टमी के दिन महिलाएं अपने सुहाग के लिए देवी मां को चुनरी भेंट करती हैं। देवी गौरी की पूजा का विधान भी पूर्ववत है अर्थात जिस प्रकार सप्तमी तिथि तक आपने मां की पूजा की है उसी प्रकार अष्टमी के दिन भी प्रत्येक दिन की तरह देवी की पंचोपचार सहित पूजा करते हैं।

महत्व

माँ महागौरी का ध्यान, स्मरण, पूजन-आराधना भक्तों के लिए सर्वविध कल्याणकारी है। हमें सदैव इनका ध्यान करना चाहिए। इनकी कृपा से अलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है। मन को अनन्य भाव से एकनिष्ठ कर मनुष्य को सदैव इनके ही पादारविन्दों का ध्यान करना चाहिए।

मां महागौरी भक्तों का कष्ट अवश्य ही दूर करती है। इसकी उपासना से अर्तजनों के असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। अतः इसके चरणों की शरण पाने के लिए हमें सर्वविध प्रयत्न करना चाहिए। महागौरी के पूजन से सभी नौ देवियां प्रसन्न होती है।

उपासना

पुराणों में माँ महागौरी की महिमा का प्रचुर आख्यान किया गया है। ये मनुष्य की वृत्तियों को सत्‌ की ओर प्रेरित करके असत्‌ का विनाश करती हैं। हमें प्रपत्तिभाव से सदैव इनका शरणागत बनना चाहिए। 

या देवी सर्वभू‍तेषु महागौरी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

अर्थ : हे माँ! सर्वत्र विराजमान और माँ गौरी के रूप में प्रसिद्ध अम्बे, आपको मेरा बार-बार प्रणाम है। हे माँ, मुझे सुख-समृद्धि प्रदान करो।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण   
1. अंक-246 (साल-02)
2. मंगलवार, अप्रैल 20, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- अष्टमी, विक्रमी सवंत-2078। सातवां रोजा, सहरी 04:35, इफ्तार 06:47। 07 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -14 डी.सै., अधिकतम-38+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

रविवार, 18 अप्रैल 2021

ड्रैगन के साथ जंग की तैयारी तेज की: ऑस्ट्रेलिया

बीजिंग/ कैनबरा/ ताइपे। ऑस्‍ट्रेलिया की सेना ने अगले 5 साल में चीन के ताइवान पर हमला करने के खतरे को देखते हुए ड्रैगन के साथ जंग की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, ऑस्‍ट्रेलिया की सेना चीन के साथ जंग के लिए रणनीति बना रही है। सेना के अधिकारी उस स्थिति के लिए खुद को तैयार कर रहे है। जिसके तहत युद्ध होने की स्थिति में कोलिन्‍स श्रेणी के सबमरीन और सुपर हार्नेट फाइटर जेट को अमेरिकी सेना और अन्‍य साथी देशों की मदद के लिए ताइवान स्‍ट्रेट में भेजा जा सके। 

डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक लगातार बढ़ते तनाव के बीच ऑस्‍ट्रेलिया और अन्‍य क्‍वॉड देशों-जापान, भारत और अमेरिका के ऊपर दबाव बढ़ रहा है कि वे चीनी ड्रैगन की सेना पर लगाम कसें। हाल के दिनों में चीनी सेना पूरे इलाके में बहुत आक्रामक हो गई है। उसने हॉन्‍ग कॉन्‍ग में लोकतंत्र समर्थकों और उइगरों को कुचल दिया है। अब यह डर सता रहा है कि चीन ताइवान पर अपनी सैन्‍य ताकत का प्रयोग कर सकता है ताकि राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग के शासन काल में ताइवान का चीन के साथ एकीकरण किया जा सके। चीन ने इस सप्‍ताह ही अपने 25 फाइटर विमानों के बेड़े को ताइवान के इलाके में भेजा था। ऑस्‍ट्रेलिया के कूटनीतिक सूत्रों ने कहा, ‘कई घटनाक्रम हो रहे हैं और स्थितियों के लिए योजना बन रही है।’ उन्‍होंने इसका उद्देश्‍य यह दिखाना है कि हम प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं है। ताइवान और अमेरिका के बीच गहराते रक्षा संबंधों से चिढ़े चीन ने साउथ चाइना सी में अपने सैन्य अभियानों की तादाद को बढ़ा दिया है। लगभग हर दिन चीन के लड़ाकू विमान जानबूझकर ताइवानी वायुसीमा में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है। 

जब ड्रैगन का मुखपत्र कहे जाने वाले ग्लोबल टाइम्स ने बताया है कि आखिर चीनी लड़ाकू विमान ताइवानी एयरस्पेस में बार-बार घुसपैठ क्यों करते हैं। ग्लोबल टाइम्स के चीफ एडिटर हू शीजिन ने बताया कि चीन का सैन्य अभियान दरअसल अमेरिकी विदेश विभाग और ताइवान के बीच संबंधों की गाइडलाइन का उल्लंघन के जवाब में किया जा रहा है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ताइवान और अमेरिका के बीच गहराते संबंधों को देखते हुए इलाके में सैन्य दबाव को और बढ़ाएगी। अगर ताइवान हमारे जहाजों पर फायरिंग करता है तो इसे पूर्ण युद्ध माना जाएगा और पूरा का पूरा ताइवाान स्ट्रेट हमारा होगा। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी गृह युद्ध के खत्म होने के सात दशक बाद भी ताइवान को अपनी जमीन का हिस्सा बताता है। यह बात अलग है कि ताइवान पर आजतक चीन का प्रत्यक्ष रूप से कभी शासन नहीं रहा है। चीनी सरकार और कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकारी कई बार ताइवान के ऊपर हमला करने की धमकी दे चुके हैं। पिछले साल के अंत में चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने यहां तक कहा था कि ताइवान की स्वतंत्रता का अर्थ ही जंग का ऐलान होगा।

ऑक्सीजन की सप्लाई में कमी, 12 मरीजों की मौत

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की सप्लाई का प्रेशर कम होने से 12 कोविड मरीजों की मौत हो गई, सभी आईसीयू में भर्ती थे। घटना रात 12 बजे की है। ऑक्सीजन कम होते ही मरीज तड़पने लगे। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। ऑक्सीजन सिलेंडरों की व्यवस्था के लिए अफरा तफरी मच गई। मेडिकल प्रबंधन ऑक्सीजन की सप्लाई का प्रेशर बनाने के लिए सिलेंडरों की व्यवस्था में जुट गया। ऑक्सीजन की कमी वाले 12 मरीजों से पहले मेडिकल कॉलेज में ही कोरोना के 10 और मरीजों की मौत हो गई थी। इस तरह कुल 22 मरीजों की जान गई।ऑक्सीजन की कमी के बाद कई मरीजों को ऑक्सीजन मास्क हाथ से दबाना पड़ा। मरीजों को लग रहा था कि शायद सही तरह से दबाने से ऑक्सीजन आ जाए। मामले में पहले मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मिलिंद शिरालकर ने 6 मौतों की पुष्टि की। इसके थोड़ी देर बाद ही अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने 12 मौतें होने की जानकारी दी। घटना के बाद मरीजों ने दिन में कमिश्नर राजीव शर्मा के दौरे पर भी सवाल उठाया। वे कोविड-19 सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई और बाकी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की बात कही थी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मेडिकल के डीन के अलावा कलेक्टर डॉ. सतेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा समेत कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अब शहडोल में ऑक्सीजन की कमी से मौतों की बेहद दुखद खबर? भोपाल , इंदौर , उज्जैन , सागर , जबलपुर , खंडवा , खरगोन में ऑक्सीजन की कमी से मौतें होने के बाद भी सरकार नहीं जागी? आखिर कब तक प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से यूं ही मौतें होती रहेगी? उन्होंने कहा कि शिवराज आप कब तक ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर झूठे आंकड़े परोसकर, झूठ बोलते रहेंगे, जनता रूपी भगवान रोज दम तोड़ रही है? प्रदेश भर की यही स्थिति है। अधिकांश जगह ऑक्सीजन का भीषण संकट है? रेमडेसिविर इंजेक्शन की भी यही स्थिति है। सिर्फ सरकार के बयानों और आंकड़ो में ही ऑक्सीजन और रेमउेसिविर उपलब्ध है। लेकिन यह अस्पतालों से गायब है? सरकार कागजी बैठकों से निकलकर मैदानी स्थिति सम्भाले, स्थिति बेहद विकट है। इससे पहले 15 अप्रैल को जबलपुर में लिक्विड प्लांट में आई खराबी के कारण ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से 5 मरीजों की मौत हो गई थी। सभी वेंटिलेटर पर थे। वहीं 4 की हालत गंभीर हो गई थी। यहां के मेडिसिटी अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने से वेंटिलेटर पर 82 वर्षीय महिला की तड़प-तड़प कर जान चली गई थी। वहीं 4 की मौत सुख-सागर मेडिकल कॉलेज में हुई थी। एमपी में 11,269 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 6,497 लोग रिकवर हुए और 66 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.95 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.27 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,491 मरीजों की जान चली गई। 63,889 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कोरोना से मौतों का आकड़ा प्रतिदिन 120 तक पहुंचा

रविशंकर गुप्ता         

लखनऊ। कोरोना संक्रमण काल में रोजाना यूपी में 27 हजार के करीब कोरोना पॉजिटिव केस मिलने शुरू हुए हैं और मौतों का आकड़ा प्रतिदिन 100 से लेकर 120 तक पहुंच चुका है। ऐसे में अगर आप यहां बीमार हुए तो आपको भगवान के सिवा अब कोई बचाने वाला नहीं है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते आकड़ों के आगे सरकार जहां बेबस है। वहीं सिस्टम परेशान है, हालात ये हैं, कि अस्पतालो में जरूरतमंदों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जो निजी अस्पतालो में इलाज मिल भी जा रहा है। उनके रेट इतने हाई है कि आम आदमी का इलाज करने से पहले ही दम निकल जाये। दूसरी ओर जैसे-जैसे संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। वैसे-वैसे अब डॉक्टर भी भयभीत होने होने लगे हैं। लखनऊ में सभी सरकारी अस्पतालो से लेकर निजी अस्पतालों तक डॉक्टर व अन्य स्टाफ करीब 400 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।

मुकाबला: बेंगलुरु ने कोलकाता को 38 रनों से हराया

चेन्नई। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के 204 रनों के स्कोर की पीछा करने में कोलकाता नाकामयाब रही। 20-20 ओवरों के इस मुकाबले में बेंगलुरु ने कोलकाता को 38 रनों से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाये। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने 78 जबकि एबी डिविलियर्स ने नाबाद 76 रन बनाये।बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही। विराट पारी के दूसरे ही ओवर में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बन गए। विराट ने छह गेंदों में पांच रन बनाये। वरुण ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर रजत पाटीदार को बोल्ड कर दिया। दो विकेट मात्र नौ रन पर गिर जाने के बावजूद मैक्सवेल ने आते ही मोर्चा संभाला और बॉउंड्री लगानी शुरू कर दी।

सड़क हादसे में 1 ही परिवार के 3 लोगों की मौत

आदर्श श्रीवास्तव        

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-सिकंदराबाद मार्ग पर थाना फरधान क्षेत्र में रविवार को कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में लखीमपुर शहर से वोट डालने जा रहे मां-बेटी सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम को भेजा है। लखीमपुर शहर के मोहल्ला शिवकालोनी निवासी कुलदीप अवस्थी थाना नीमगांव के गांव अपगावा के मूल निवासी हैं। 19 अप्रैल को मतदान है। इसलिए रविवार को वोट डालने के लिए उनकी पत्नी पारुल अवस्थी (45) अपनी पुत्री पीहू (3) और भतीजे दुर्गेश अवस्थी उर्फ अंकुर (23) के साथ गांव जा रही थी। बाइक दुर्गेश चला रहा था। वह हेलमेट पहने था। जबकि पारुल अवस्थी तीन साल की पुत्री को गोद मे लेकर बैठी थी।

कोरोना की दूसरी लहर, इस्तीफा दें मोदी सरकार

बैरकपुर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोविड-19 की दूसरी लहर को संभाल नहीं पाने के कारण इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री संक्रमण के मामलों की संख्या रोकने के लिए योजना बनाने में विफल रहे। ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले पांच-छह महीने में मेडिकल ऑक्सीजन और टीकों की आपूर्ति के संभावित संकट पर ध्यान देने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने देश में टीकों की कमी के बावजूद प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि चमकाने के लिए दूसरे देशों को टीकों का निर्यात किया।

50 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने छोड़ी एनडीए की परीक्षा

संदीप मिश्र          

बरेली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी की परीक्षा संपन्न कराई गई। कोरोना संक्रमण फैलने समेत अन्य कारणों से करीब 50 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वैसे 12227 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी लेकिन परीक्षा देने के लिए पहली पाली सुबह 10 बजे वाली में 6140 परीक्षार्थी और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे वाली में 6123 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। कोविड नियमों का पालन कराने के साथ परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर भी लगाए गए थे। शहर के 28 सेंटरों पर परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर तलाशी लेने के बाद परीक्षार्थियों को कमरे में जाने दिया गया। लाकडाउन में परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को परीक्षा सेंटर स्थल तक आने-जाने की छूट दी गई थी।

अधिकारियों को कार्य संचालित करने के निर्देश

अधिकारियों को कार्य संचालित करने के निर्देश  संदीप मिश्र  लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलो में भारी बारिश से हुए नुकसान...