हरियाणा में 310 हुए कुल संक्रमित / झज्जर में फिर दिल्ली से सब्जी लाने वाला मिला संक्रमित, फरीदाबाद में बुजुर्ग की मौत, प्राइवेट लैब में टेस्ट आया था पॉजिटिव
फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने बजुर्ग के दोबारा भेजे जांच के लिए सैंपल
बुधवार को प्रदेश में झज्जर जिले में 1 नया मरीज आया सामने
फरीदाबाद। हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या 310 पहुंच गई है। बुधवार को झज्जर जिले में 1 नया मरीज सामने आया है। वह भी दिल्ली अजादपुर मंडी से सब्जी लेकर आता था। इसके बाद अब झज्जर जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 7 हो गया है। वहीं फरीदाबाद में एक 67 वर्षीय व्यक्ति की प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि टेस्ट प्राइवेट लैब से करवाया गया था। अब स्वास्थ्य विभाग ने उसके सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजे हैं। इसके बाद ही पुष्टि हो पाएगी की वह कोरोना पॉजिटिव था या नहीं।
दिल्ली की ट्रेवल हिस्ट्री बढ़ा रही है झज्जर जिले की टेंशन
झज्जर जिले के लिए दिल्ली ने टेंशन बढ़ा दी है। ग्रीन जोन में रखे गए झज्जर जिले में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां अब 7 मरीज हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक एक और कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। वह भी दिल्ली अजादपुर सब्जी में जाता था। स्वास्थ्य विभाग ने उसके उन दो साथियों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं जोकि कोरोना पॉजिटिव युवक के साथ एक ही कमरे में रहते थे। सिविल सर्जन आरएस पूनिया ने बताया कि 341 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से अभी 124 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकि है। सब्जी मंडी में एक और कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर आ गया है। बुधवार को सब्जी मंडी के बाहर व आस-पास के क्षेत्रों में लगे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई।
67 वर्षीय व्यक्ति की बीती रात मौत
फरीदाबाद में एक बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। 67 वर्षीय इस व्यक्ति की बीती रात करीब 10:30 बजे मृत्यु हुई है। एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे इस व्यक्ति का इलाज चल रहा था। उसी निजी अस्पताल ने अपने स्तर पर ही मृतक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट एक प्राइवेट लैब से करवाया था, जिसमें उसे पॉजीटिव बताया गया था। हालांकि कहा जा रहा है कि इस व्यक्ति को शुगर, हाईपरटेंशन व सांस की गंभीर बीमारी थी। मगर प्राइवेट लैब की जांच में इस व्यक्ति को कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। सिविल सर्जन डॉक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि एक मरीज की उम्र करीब 68 वर्ष थी, जो एक निजी अस्पताल में 27 अप्रैल को भर्ती हुआ था। बीती रात करीब 10:30 बजे निधन हो गया। प्राइवेट लैब से जांच के मामले पहले भी संदेहास्पद रहे हैं, अतः इसकी सरकारी लैब से कोरोना जांच करवाने के लिए दोबारा सैंपल भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट पेंडिंग है।
हरियाणा में 310 पहुंचा आंकड़ा, अब भी नूंह पहले नंबर पर
राज्य में सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। गुड़गांव में 51, फरीदाबाद में 46, पलवल में 34, पंचकूला में 19, सोनीपत में 24, अम्बाला में 14, पानीपत में 13, झज्जर में 7, करनाल में 6, रोहतक, हिसार और सिरसा में 4-4, यमुनानगर और भिवानी में 3-3, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, झज्जर और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा गया है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 310 है।
अब तक 224 मरीज हुए ठीक प्रदेश में अब कुल 224 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 46, फरीदाबाद में 40, गुरुग्राम में 36, पलवल 32, पंचकूला में 13, अम्बाला में 10, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 224 हो जाता है।
हरियाणा में अभी तक 133 जमाती मिले संक्रमित
प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुरुग्राम 15, अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।