मंगलवार, 23 अगस्त 2022

किसी ने भी नाइक से माफी की मांग नहीं की: ठाकरे 

किसी ने भी नाइक से माफी की मांग नहीं की: ठाकरे 

कविता गर्ग 

मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित टिप्पणी की वजह से निलंबित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रवक्ता नूपुर शर्मा का मंगलवार को समर्थन किया। उन्होंने मनसे पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक ने यही बातें पहले कही थीं, लेकिन किसी ने उससे माफी की मांग नहीं की। राज ठाकरे ने कहा, ‘‘किसी ने भी नाइक से माफी की मांग नहीं की।’’

उन्होंने हिंदू देवताओं के नामों का कथित उपहास करने पर ‘ओवैसी बंधुओं’ (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एमआईएमआईएम) नेता असदुद्दीन ओवैसी और अकबरुद्दीन ओवैसी) को भी आड़े हाथ लिया। मनसे अध्यक्ष ने ओवैसी बंधुओं का उल्लेख ‘आपत्तिजनक’ शब्द के साथ करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी तंज किया। उद्धव ने दावा किया था कि भाजपा ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में ढाई-ढाई साल तक मुख्यमंत्री पद बांटने का वादा किया था। इसपर राज ठाकरे ने कहा, ‘‘ जब मैं शिवसेना में था, बालासाहेब (ठाकरे) ने फैसला किया था कि मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी को और विधायक चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि देवेंद्र फडणवीस (मौजूदा समय में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री) मुख्यमंत्री होंगे।

तब आपने आपत्ति क्यों नहीं की थी, बजाय इसके चुनाव नतीजों का इंतजार किया और जनमत के खिलाफ गए जो भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मिला था।’’ राज ठाकरे ने कहा कि दिवंगत शिवसेना संस्थापक ने उन्हें गले लगाया था जब वह पार्टी छोड़ने वाले थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाला साहेब से मिलने गया था। वह जान रहे थे कि मैं (शिवसेना में)नहीं रुकूंगा। उन्होंने मुझे गले लगाया और कहा, अब जा सकते हो।’’ राज ठाकरे ने कहा कि ‘‘मैं बालासाहेब की विचारधारा को आगे लेकर जाना चाहता हूं। इससे फर्क नहीं पड़ा कि मेरे पास निशान (धनुष और तीर) है या नहीं।’’

भाजपा ने पाटिल को हटाने का फैसला किया: आप

भाजपा ने पाटिल को हटाने का फैसला किया: आप 

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी 

नई दिल्ली/अहमदाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी आम आदमी पार्टी (आप) से इस कदर डरी हुई है कि उसने अपने प्रदेश प्रमुख सीआर पाटिल को हटाने का फैसला किया है। केजरीवाल पर पलटवार करते हुए गुजरात भाजपा के मीडिया समन्वयक यगनेश दवे ने केजरीवाल से कहा कि वह दिवास्‍वप्‍न देखना बंद करें और पाटिल के बारे में सोचने के बजाय खुद पर ध्यान दें। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ फिलहाल गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन केजरीवाल ने ट्वीट किया, गुजरात में भाजपा बुरी तरह से आम आदमी पार्टी से घबरायी हुई है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल को हटाया जा रहा है। क्या भाजपा इतनी ज़्यादा डरी हुई है?

बहरहाल, भाजपा नेता दवे ने एक बयान में कहा कि ऐसा लगता है कि दिवास्‍वप्‍न देखना केजरीवाल की आदत बन गई है। दवे ने कहा, “ सीआर पाटिल के बारे में सोचने के बजाय आपको खुद पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा की गुजरात इकाई के प्रवक्ता रूतविज पटेल ने केजरीवाल पर जोरदार हमला करते हुए ट्विटर पर कहा, सूत्रों के हवाले से राजनीति और जनसेवा नहीं होती केजरीवाल। भाजपा की ज्यादा फिक्र न करें, शराब मंत्री (सिसोदिया) और अपनी फिक्र करें।  दो दिन पहले ही गुजरात के कैबिनट मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी और पुरनेश मोदी से राजस्व और सड़क एवं भवन विभाग वापस ले लिए थे। इसके बाद केजरीवाल ने उक्त टिप्पणी की है। दिल्ली में आबकारी नीति को लागू करने में कथित अनियमितता के सिलसिले में सीबीआई की ओर से 15 लोगों और संस्थाओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम भी शामिल है। केजरीवाल अपनी पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए बार-बार गुजरात आ रहे हैं और लोगों को विभिन्न ‘गारंटी’ दे रहे हैं। केजरीवाल का राज्य की यात्रा के दूसरे दिन भावनगर शहर में शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर युवाओं से संवाद करने का कार्यक्रम है।

सीबीआई कोर्ट के जज को धमकी भरा खत मिला 

सीबीआई कोर्ट के जज को धमकी भरा खत मिला 

अकांशु उपाध्याय/मिनाक्षी लोढी 

नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार किए गए टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल की रिहाई को लेकर सीबीआई कोर्ट के जज को धमकी भरा खत मिला है। जिसमें कहा गया है कि अगर अनुब्रत मंडल को इस मामले में जमानत नहीं दी गई तो उनके परिवार को झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। हालांकि स्पेशल जज की तरफ से इस मामले की शिकायत कर दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है। जानकारी क अनुसार राजेश चक्रबर्ती नाम के जज को किसी बप्पा चटर्जी नाम के शख्स से एक चिट्ठी मिली है। उस चिट्ठी में साफ कहा गया है कि अगर अनुब्रत मंडल को जमानत नहीं दी गई तो उनके परिवार को एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट) के तहत किसी मामले में फंसा दिया जाएगा।

चिट्ठी में लिखा है कि आपको आदेश दिया जाता है कि टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को तुरंत छोड़ दिया जाए। ऐसा नहीं होने पर आपके परिवार पर NDPS के तहत मामला दर्ज करवाया जाएगा। ये बात आपको जानकारी के लिए पहले ही बता दी गई है।

क्या है मामला?
टीएमसी बीरभूम जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को सीबीआई ने पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में कल उनसे सीबीआई दफ्तर में पूछताछ भी हुई थी।  साल 2020 में सीबीआई ने बीएसएफ के एक पूर्व कमांडर को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद ही इस मामले के तार अनुब्रत मंडल से जुड़ गए थे। फिर इसी साल 11 अगस्त को सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीएमसी के जिला प्रमुख अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया।

मणि की 104वीं जयंती पर डूडल बनाकर समर्पित किया

मणि की 104वीं जयंती पर डूडल बनाकर समर्पित किया 

अकांशु उपाध्याय/अखिलेश पांडेय 

नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। विश्व के सबसे बड़े सर्च इंजन ‘गूगल’ ने ‘भारत की मौसम महिला’ अन्ना मणि की 104वीं जयंती पर विशेष डूडल बनाकर उन्हें समर्पित किया। भौतिक विज्ञानी और मौसम विज्ञानी अन्ना मणि को ‘भारत की मौसम महिला’ के तौर पर जाना जाता है।गूगल ने मंगलवार को अपने डूडल में वर्ष 1918 में केरल में एक सीरियाई ईसाई परिवार में जन्मीं महान मौसम वैज्ञानिक को समर्पित डूडल में प्रकृति के सुंदर दृश्यों के साथ उन्हें पुस्तकों के बीच शोध में व्यस्त दिखाया है। चित्रों में रंगों का मिश्रण काफी आकर्षक और सौम्य है।

अन्ना ने भौतिकी और मौसम विज्ञान के क्षेत्र में कई बहुमूल्य योगदान दिया है। उनके शोध ने भारत के लिए सटीक मौसम पूर्वानुमान करना संभव बनाया और राष्ट्र के लिए अक्षय ऊर्जा का उपयोग करने के लिए आधार तैयार किया। उन्होंने भौतिक विज्ञानी एवं प्रोफेसर सी वी रमन के जूनियर के रूप में भी काम किया। प्रोफेसर रमन उस समय माणिक और हीरे के ऑप्टिकल गुणों पर शोध कर रहे थे। मणि ने वर्ष 1939 में चेन्नई के पी पचैयप्पा कॉलेज से भौतिकी और रसायन विज्ञान में बीएससी ऑनर्स में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने पांच शोध पत्र प्रकाशित किए। इसके बाद वह वर्ष 1945 में भौतिकी में स्नातक की पढ़ाई करने के लिए लंदन चली गईं थी। उन्होंने वहां इंपीरियल कॉलेज से पढ़ाई की थी।

वह वर्ष 1948 में लंदन से लौटने के बाद पुणे में भारत मौसम विज्ञान विभाग में शामिल हो गईं। उनकी वहां मौसम संबंधी उपकरणों की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी थी। मणि बाद में भारत मौसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक बनी और संयुक्त राष्ट्र विश्व मौसम विज्ञान संगठन में कई प्रमुख पदों पर काम किया। उन्हें वर्ष 1987 में विज्ञान में उल्लेखनीय योगदान के लिए आईएनएस के आर रामनाथन पदक से नवाजा गया था।

पिता की हालत स्थिर, अभी भी अचेतावस्था में हैं

पिता की हालत स्थिर, अभी भी अचेतावस्था में हैं 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। लोकप्रिय हास्य अभिनेता राजू श्रीवास्तव की बेटी ने मंगलवार को बताया कि उनके पिता की हालत स्थिर है, लेकिन वह अभी भी अचेतावस्था में हैं। गौरतलब है कि श्रीवास्तव (58) को 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की गहन देखभाल इकाई में रखा गया है। दिल के दौरे वाले दिन ही अभिनेता की एंजियोप्लास्टी की गई थी।

श्रीवास्तव की बेटी अंतरा ने बताया, ‘‘उनकी हालत स्थिर है, लेकिन अभी भी बेहोश हैं और डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं।’’ पिछले सप्ताह उनकी तबिययत अधिक बिगड़ने की अफवाहों के बीच उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने कहा था कि उनके पति ‘‘एक योद्धा (फाइटर) हैं और वह हम सबके बीच वापसी करेंगे।’’ शिखा ने मीडिया और उनके प्रशंसकों से कहा था, ‘‘मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृपया अफवाह न फैलाएं। यह हमारे मनोबल को प्रभावित करता है।’’

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था, ‘‘हमें नकारात्मक ऊर्जा नहीं चाहिए, हमें सकारात्मकता चाहिए। कृपया उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें और वह जल्द ही वापस आ जाएंगे।’’ श्रीवास्तव, 1980 के दशक के अंत से मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे हैं। उन्हें 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद काफी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। वह ‘बिग बॉस’ सीजन तीन के प्रतिभागियों में शामिल रहे। श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी हैं।

बिहार: अध्यक्ष सिन्हा ने इस्तीफा देने से इनकार किया 

बिहार: अध्यक्ष सिन्हा ने इस्तीफा देने से इनकार किया 

अविनाश श्रीवास्तव 

पटना। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि जो उन्हें नोटिस दी गई है। वह नियमों और प्रावधान के खिलाफ है। इस्तीफे से इनकार करने के बाद सिन्हा ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के जरिए इस्तीफा देने से मेरे स्वाभिमान को ठेस पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार विधानसभा सचिवालय की तरफ से जो नोटिस भेजा गया उसे विजय सिन्हा से लेने से इनकार कर दिया। माना जा रहा है कि अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को नहीं लेने और इस्तीफा देने से इंकार के बाद विधानसभा का सत्र हंगामेदार हो सकता है।

इसी महीने 10 अगस्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए से नाता तोड़कर महागठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश में नई सरकार बना ली थी। नई सरकार के गठन के तुरंत बाद महागठबंधन के 40 से अधिक विधायकों ने विजय सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। बिहार के 243 सदस्यीय विधानसभा में महागठबंधन के 160 से अधिक विधायक हैं, जहां अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए एक साधारण बहुमत की आवश्यकता है। बिहार विधान परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं BJP नेता अवधेश नारायण सिंह को भी बदला जा सकता है।

मशहूर डांसर सपना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

मशहूर डांसर सपना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी 

संदीप मिश्र 

लखनऊ। मशहूर डांसर सपना चौधरी का विवादों से गहरा नाता रहा है। मामला लखनऊ का है। सपना के खिलाफ लखनऊ की एससीजेएम अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। डांस का कार्यक्रम रद्द करने और टिकट का पैसा न लौटाने के 4 साल पुराने मामले में अदालत में गैरहाजिर रहने पर यह वारंट जारी हुआ है। सपना ने 10 मई को इस मामले में आत्‍मसमर्पण कर अंतरिम जमानत ली थी। आठ जून को सपना की नियमित जमानत भी सशर्त मंजूर हुई थी। सोमवार को इस मामले में सुनवाई थी, लेकिन सपना अदालत में मौजूद नहीं रहीं। इस पर कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अदालत में सपना चौधरी की ओर से हाजिरी माफी की अर्जी भी नहीं दी गई। जबकि अन्‍य अभियुक्‍तों की ओर से हाजिरी माफी की अर्जी लगाई गई थी। बता दें कि एक मई 2019 को सपना चौधरी के खिलाफ विश्‍वास हनन और धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज हुआ था। इस मामले में 20 जनवरी 2019 को आयोजक जुनैद अहमद, इवाद अली, रत्‍नाकर उपाध्‍याय और अमित पांडेय के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

13 अक्‍टूबर 2019 को लखनऊ के स्मृति उपवन में दोपहर तीन बजे से रात 10 बजे तक सपना का प्रोग्राम था। प्रोग्राम में एंट्री के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये में ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट बेचा गया था। इस प्रोग्राम को देखने के लिए हजारों लोगों ने टिकट खरीदे लेकिन रात 10 बजे तक सपना चौधरी नहीं आईं। प्रोग्राम न शुरू होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया लेकिन आयोजकों ने टिकट धारकों का पैसा वापस नहीं किया। 14 अक्टूबर, 2018 को आशियाना थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

विवादित टिप्पणी करने का आरोप, विधायक अरेस्ट

विवादित टिप्पणी करने का आरोप, विधायक अरेस्ट 

इकबाल अंसारी

हैदराबाद। देश में राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा विवादित बयान देकर देश में अशांति फैलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के विवादित बयान से देश में पहले ही बवाल मचा हुआ है। जिसके कारण हिंसक घटनाएं भी हो चुकी है। इसके बावजूद भाजपा नेता का विवादित बयान सामने आया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।भाजपा के नेता राजा सिंह को एक धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को हैदराबाद में गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में वह कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। फारुकी ने हाल ही में शहर में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी। भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग करते हुए समुदाय के कई लोगों ने सोमवार रात हैदराबाद के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कई विधायक और वृहद हैदराबाद नगर निगम के पार्षद पुलिस थानों पर पहुंचे, वहां प्रदर्शन किया तथा राजा सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि सिंह के खिलाफ कई पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है। दबीरपुर पुलिस थाने के निरीक्षक जी कोटेश्वर राव ने बताया कि उन्हें सिंह के खिलाफ एक शिकायत मिली है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि भाजपा विधायक ने एक धर्म विशेष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं।

राव के मुताबिक, सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों में शत्रुता को बढ़ावा देने, जानबूझकर और दुर्भावनार्पूण कृत्य करने, धर्म व धार्मिक मान्यताओं का अपमान करके किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की मंशा तथा आपराधिक धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोशामहल से विधायक सिंह ने गिरफ्तारी के दौरान पत्रकारों से कहा कि उन्होंने जिस सोशल मीडिया साइट पर अपना वीडियो साझा किया था, उसने उसे हटा दिया है और वह रिहा होने के बाद इस वीडियो क्लिप का ‘दूसरा हिस्सा’ अपलोड करेंगे। सिंह ने कहा, उन्होंने यूट्यूब से मेरी वीडियो हटा दी। मुझे नहीं पता कि पुलिस क्या करने जा रही है।

जब मैं रिहा हो जाऊंगा तो निश्चित तौर पर वीडियो का दूसरा हिस्सा अपलोड करूंगा। मैं यह धर्म के लिए कर रहा हूं। मैं धर्म के लिए मरने को भी तैयार हूं।” सिंह ने यह जानना चाहा कि उनके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में इतनी शिकायतें क्यों दर्ज की गईं। उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतें क्यों दर्ज की गईं? हमारे राम, राम नहीं हैं? हमारी सीता, सीता नहीं है? मैंने डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) से हाथ जोड़कर अनुरोध किया था कि वह राम और सीता के खिलाफ अभद्र भाषा में कॉमेडी करने वाले शख्स को कार्यक्रम की अनुमति न दें। गौरतलब है कि पुलिस ने राजा सिंह को उस आयोजन स्थल पर पहुंचने की कोशिश करने पर 19 अगस्त को हिरासत में लिया था, जहां अगले दिन फारुकी का कार्यक्रम होना था। 

भारतीय नौसेना: समुद्र में दिखाई देंगी महिलाएं

भारतीय नौसेना: समुद्र में दिखाई देंगी महिलाएं

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में अग्निपथ भर्ती योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत सैनिक बन कर देश की सेवा करने के इच्छुक युवाओं को सैनिक बनने का अवसर दिया गया है। इस योजना को लेकर युवक-युवतियों में भारी उत्शाह का माहौल है। महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। भारतीय नौसेना में अब महिलाएं भी जल्द ही समुद्र में दिखाई देंगी। इसको लेकर ओडिशा के आईएनएस चिल्का में प्रशिक्षण कर रही है। एडमिरल ने कहा ने कहा कि ओडिशा में नौसेना का बुनियादी प्रशिक्षण प्रतिष्ठान, अग्निवीर महिला प्रशिक्षुओं के पहले बैच के आने से पहले एक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है । विशाल झील के किनारे परिसर में ऐसी सुविधाएं हैं, जो 600 महिलाओं के लिए जीवन को आसान बना देंगी।

नौसेना कमान के प्रमुख ने कही ये बात दक्षिणी नौसेना कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली ने कहा कि दो नए आवास ब्लॉक विशेष रूप से उनके लिए निर्धारित करने से लेकर सैनिटरी पैड वेंडिंग और डिस्पोजल मशीन स्थापित करने, एक अलग भोजन क्षेत्र बनाने, महिला कर्मचारियों को काम पर रखने तक, प्रशिक्षण प्रतिष्ठान महिलाओं के अनुकूल हो रहा है । प्रशिक्षण सुविधा में चल रहे परिवर्तनों की निगरानी कर रहा है । बता दें कि कोच्चि मुख्यालय वाली दक्षिणी नौसेना कमान नौसेना के लिए प्रशिक्षण के सभी पहलुओं के लिए जिम्मेदार है ।

महिला नाविकों की समुद्र में होगी तैनाती...

उन्होंने कहा, ”गोपनीयता सहित महिला प्रशिक्षुओं की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विशिष्ट परिवर्तन किए गए हैं. हमने आईएनएस चिल्का में बदलाव शुरू करने से पहले उन जरूरतों को समझने के लिए सेवारत महिला अधिकारियों से इनपुट लिया. नौसेना ने तीन दशक पहले महिलाओं को अधिकारियों के रूप में शामिल करना शुरू किया था, लेकिन यह पहली बार है, जब उन्हें नाविकों के रूप में भर्ती किया जा रहा है

82,000 से अधिक महिलाओं ने कराया पंजीकरण...

उन्होंने कहा, अग्निपथ मॉडल के तहत नौसेना में भर्ती के लिए 82,000 से अधिक महिलाओं सहित लगभग दस लाख आवेदकों ने तीन सेवाओं में सैनिकों के अल्पकालिक समावेश के लिए पंजीकरण कराया है और चयन प्रक्रिया चल रही है । नए मॉडल के तहत भर्ती होने वालों को अग्निवीर कहा जाएगा. ये आवेदक नौसेना में 3,000 नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, महिलाओं के नए भर्ती मॉडल के तहत पहली भर्ती के 20% (600) के लिए जिम्मेदार होने की उम्मीद है । आईएनएस चिल्का में तैनात एक वरिष्ठ नौसेना अधिकारी ने कहा कि आईएनएस चिल्का में अन्य परिवर्तनों में महिला प्रशिक्षुओं के लिए अधिक शौचालयों की स्थापना, सुरक्षा कैमरे की स्थापना और महिलाओं को मैट्रन, तैराकी प्रशिक्षक और सफाई कर्मचारी के रूप में नियुक्त करना शामिल है। उन्होंने कहा कि महिला प्रशिक्षुओं के पास अलग-अलग आवासीय और भोजन क्षेत्र होंगे, वे अपने पुरुष समकक्षों के साथ सभी शैक्षणिक और प्रशिक्षण गतिविधियों को अंजाम देंगी। नौसेना के पहले अग्निवीरों के 21 नवंबर को आईएनएस चिल्का में अपना प्रशिक्षण शुरू करने की उम्मीद है।

भारतीयों को वीजा जारी करना फिर से शुरू करेगा, चीन 

भारतीयों को वीजा जारी करना फिर से शुरू करेगा, चीन 

अकांशु उपाध्याय/सुनील श्रीवास्तव 

नई दिल्ली/बीजिंग। चीन ने घोषणा की कि वह देश में शिक्षा हासिल करने के इच्छुक छात्रों, खासकर भारतीयों को वीजा जारी करना फिर से शुरू करेगा। चीन के विदेश मंत्रालय में एशियाई मामलों के विभाग के काउंसलर जी रोंग ने कहा कि भारतीय छात्रों को हार्दिक बधाई! आपका धैर्य सार्थक साबित होता है। मैं वास्तव में आपके उत्साह और खुशी को साझा कर सकता हूं। चीन में आपका स्वागत है । भारत में चीनी दूतावास ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि उसने 24 अगस्त से लागू होने वाले ‘चीन वीजा के आवेदन प्रक्रिया और सामग्री की आवश्यकता’ को अपडेट किया है और नई प्रक्रिया के चरणों को साझा किया है। चीन उन छात्रों को वीजा जारी करेगा, जो देश में उच्च शैक्षणिक शिक्षा हासिल करना चाहते हैं। इनमें नए और पुराने छात्र भी शामिल हैं और चीन चाहता है कि वे जल्द से जल्द लौट जाएं।

लगभग 23,000 भारतीय छात्र, जिनमें से अधिकांश चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे थे, कोविड वीजा प्रतिबंधों के कारण घर वापस आ गए थे। चीन द्वारा वापस लौटने और अपनी पढ़ाई फिर से शुरू करने के इच्छुक लोगों के नाम मांगे जाने के बाद भारत ने छात्रों की एक सूची प्रस्तुत की थी।

सीएम को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी

सीएम को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी

दुष्यंत टीकम 

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिवस पर मंगलवार को राष्ट्रपति सुश्री द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित अनेक केन्द्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राष्ट्रीय नेताओं और राष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधियों ने विभिन्न माध्यमों से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

राष्ट्रपति सुश्री मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और राज्यपाल सुश्री उइके ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री बघेल को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना की है। वहीं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री बघेल से फोन पर बधाई व शुभकामनाएं दीं। वहीं राज्य के मंत्रीगण समेत संसदीय सचिवों व निगम-मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से सप्रेम भेंटकर जन्मदिवस पर बधाई व शुभकामनाएं दीं। साथ ही राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों,पुलिस अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर मुख्यमंत्री को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुंचे थे। 

लड्डुओं से तौले गए मुख्यमंत्री, गजमाला पहनाया...

मुख्यमंत्री बघेल को उनके जन्मदिन पर बधाई देने मौजूद लोगों ने अलग-अलग तरह से अपना प्रेम और अपनी भावनाएं प्रकट कीं। इस मौके पर लोगों ने अपने प्रिय मुख्यमंत्री को लड्डुओं से तौला। वहीं अनेक लोगों ने गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बधाई व शुभकामनाएं दीं। 

जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचा पिहरीद का राहुल...

मुख्यमंत्री बघेल के जन्मदिन के अवसर पर बधाई देने के लिए पिहरीद (जांजगीर-चाम्पा) का राहुल साहू अपनी मां के साथ बधाई देने पहुंचा। गौरतलब है कि दिव्यांग राहुल साहू अपने घर के पास बोरवेल में गिरने के बाद चर्चा में आया था। मासूम राहुल की जिंदगी बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए थे, जिसके परिणामस्वरूप 105 घंटे बाद मासूम राहुल को बोरवेल से सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली। फिर राहुल के उपचार को लेकर भी मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया था और स्वयं जाकर उनके मुलाकात की थी। 

नन्हें धीमान को मुख्यमंत्री ने दुलारा..

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चाहने वाले उनके जन्मदिन पर दूर-दूर से बधाई देने पहुंचे थे। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले के करती गांव के बैगा जनजाति का परिवार भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था। परिवार ने मुख्यमंत्री बघेल को पारम्परिक पगड़ी पहनाई और साफा भेंट कर बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस दौरान परिवार के साथ पहुंचे नन्हें धीमान को मुख्यमंत्री ने गोद में लेकर दुलारा और अपना प्यार दिया। 

रामनामी संप्रदाय और ब्रह्मकुमारी दीदीयों ने की मुलाकात...

मुख्यमंत्री बघेल से मंगलवार को उनके निवास में मुलाकात करने बड़ी संख्या में रामनामी संप्रदाय के लोग पहुंचे थे। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदीयों ने भी मुलाकात कर मुख्यमंत्री बघेल को बधाई व शुभकामनाएं देने हुए लम्बी उम्र की कामना की। 

सैंडआर्ट में उकेरा मुख्यमंत्री बघेल का चेहरा...

मुख्यमंत्री बघेल को उनके जन्मदिन के अवसर पर ओडिशा के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक के शिष्य गोपीनाथ महाराणा ने पुरी (ओडिशा) के समुद्र तट पर सैंड आर्ट में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का चेहरा उकेरकर जन्मदिन पर अपनी भावनाएं प्रकट कीं।


हिरासत: कड़ी निंदा करते हुए 'अवैध’ करार दिया

हिरासत: कड़ी निंदा करते हुए 'अवैध’ करार दिया 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी संजय कुमार को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘‘अवैध’’ करार दिया। नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि राज्य की भ्रष्ट और परिवार केंद्रित सरकार के खिलाफ भाजपा को मिल रहे व्यापक जन समर्थन से मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के खिलाफ भाजपा की लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रहेगी और पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि आगामी चुनावों में टीआरएस का सूपड़ा साफ हो।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘तेलंगाना सरकार द्वारा हमारे प्रदेश अध्यक्ष बी संजय कुमार की अवैध गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं। केसीआर के भ्रष्ट और परिवार केंद्रित शासन के खिलाफ राज्य के विभिन्न कोनों से भाजपा को मिल रहे व्यापक समर्थन से मुख्यमंत्री चिंतित हैं।’ एक अन्य ट्वीट में नड्डा ने कहा, ‘हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई लड़ते रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आने वाले चुनावों में टीआरएस और केसीआर का पूरी तरह से सफाया हो।’ बता दें कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव का लोकप्रिय नाम केसीआर है। ज्ञात हो कि बी संजय कुमार हैदराबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ जनगांव में विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, उसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

हेल्थ को इम्प्रूव कर सकता हैं 'नारियल' का पानी

हेल्थ को इम्प्रूव कर सकता हैं 'नारियल' का पानी  सरस्वती उपाध्याय  औषधीय गुणों से भरपूर नारियल का पानी आपकी ओवरऑल हेल्थ को काफी हद तक...