रविवार, 9 फ़रवरी 2020

भेडिये के हमले से 12 घायल, 2 गंभीर

रायचूर। कर्नाटक के मस्की तालुक जिले के चिलकारगी और इरकाल गांव में रविवार को एक जंगली भेड़िये के हमले में 12 से अधिक लोग घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घायलों को पास ही के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है जिन्हें सर, कान और हाथों में चोट आयी है और दोनों की हालत फिलहाल गंभीर है। भेड़िये के इस हमले के बाद गांव वालों ने उसे मार दिया है।


एयरोस्पेस ने मिसाइल का किया खुलासा

तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड की एयरोस्पेस डिवीजन ने मध्यम दूरी तक मार करने वाली मिसाइल का सार्वजनिक तौर पर खुलासा किया है। सरकारी टेलीविजन ईरीन टीवी ने यह जानकारी दी है। फतेह श्रेणी और कम वजन वाली इस मिसाइल का नाम ‘राड’ अर्थात गरज है और इसकी मारक क्षमता 500 से 700 किलाेमीटर दूरी तक है। यह अपने लक्ष्य को बहुत ही सटीकता से भेदने में सक्षम है। इसके अलावा एक मिसाइल प्रणोदक का भी प्रदर्शन किया गया है जिसका नाम सलमान है और यह मिसाइल में ठोस ईंधन के जरिए इसे निर्वात में भी काम करने के लिए सक्षम बनाता है।


भूत, भविष्य व वर्तमान से हो रूबरू

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साहित्य को किसी भी देश का भूत, भविष्य और वर्तमान दर्पण बताते हुए कहा है कि युवा पीढ़ी को साहित्य, संस्कृति और संस्कारों से रूबरू होना चाहिए। ताकि इससे उनके बौद्धिक विकास के साथ उन्हें देश-दुनिया और समाज की वास्तविकता का पता चल सके। गहलोत शनिवार को काव्या फाउंडेशन जयपुर की ओर से आयोजित काव्य संध्या और साहित्यकार सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी सोशल मीडिया के साथ साहित्य, संस्कृति और संस्कारों से रूबरू हो। इससे उनका बौद्धिक विकास तो होगा ही उन्हें देश-दुनिया और समाज की वास्तविकता भी पता चल सकेगी। उन्होंने कहा कि साहित्यकार अपनी रचनाओं से जनमानस को सही दिशा देने की क्षमता रखते हैं। राज्य सरकार पत्रकार, साहित्कार और लेखकों को सम्मान और सुविधाएं देने मेें किसी तरह की कमी नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि साहित्य किसी भी देश के भूत, भविष्य और वर्तमान का दर्पण है। साहित्य और साहित्यकारों का सम्मान हमारी परंपरा रही है। इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान के साहित्यकारों और लेखकों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बजट घोषणा के अनुरूप राजस्थान लिटरेचर फेस्टिवल भी जल्द आयोजित कराएगी। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध लेखक गुरू रवीन्द्रनाथ टैगोर के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि मानवता राष्ट्रवाद से बड़ी है। उनका कहना था कि मानवता ही नहीं बचेगी तो राष्ट्रवाद कहां रहेगा। देश के वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज की स्थितियों मेें हमें गुरूदेव के इन शब्दों को याद रखना चाहिए।गहलोत ने कहा कि आज देश में मानवता को भूलकर छद्म राष्ट्रवाद का माहौल बनाया जा रहा है। हमें संविधान की मूल भावना का आदर करते हुए आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए। इस काम में भी साहित्य जगत की बड़ी भूमिका है। इस अवसर पर कला, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि जितना अच्छा साहित्य होगा उतना ही अच्छा हमारा समाज होगा। इस मौके काव्या फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. परीक्षित सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये।


कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 811

बीजिंग। चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 811 हो गयी है, जबकि 37,198 लोगों में इस संक्रमण के पाये जाने की पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने यह जानकारी दी।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार कोरोना वायरस के 37,198 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है जिसमें से 6,188 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है इस वायरस से 811 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 2,649 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।
इससे पहले हुबेई स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि प्रांत में कोरोनोवायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 780 हो गयी है, जबकि प्रांत में 1,400 मामले दर्ज हुये है।
दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर में कोरोनावायरस प्रकोप शुरू हुआ था। पिछले 24 घंटों में कम से कम 1,370 कोरोनावायरस के मामले सामने आये है। पिछले 24 घंटों में हुबेई प्रांत में कुल 2,147 नए मामले दर्ज किए गए हैं। चीन के अलावा अमेरिका सहित कई देशों में कोरोना वायरस के मामले दर्ज किये है।


टैक्सी स्टैंड पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

राणा ओबराय

हिसार टैक्सी स्टैंड पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, जनता भयभीत

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश के हिसार में फव्वारा चौक स्थित टैक्सी स्टैंड पर ताबड़तोड़ गोलियां चली हैं। बताया जाता है कि बाइक सवार तीन युवकों ने एक व्यक्ति पर गोलियां चलाई हैं। व्यक्ति गंभीर हालत में हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती है। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीँ, घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।


लीलाराम ने 8 लाख की गली का किया उद्घाटन

राणा ओबराय

कैथल विधायक लीलाराम ने 8 लाख की लागत से बनी गली का किया उद्घाटन, जनता ने किया स्वागत

कैथल। हरियाणा के कैथल विधानसभा से विधायक लीलाराम गुर्जर ने अपने क्षेत्र की महादेव कालोनी की लगभग 8 लाख रुपये की लागत से तैयार गली नम्बर 16 का उदघाटन किया। इस अवसर पर पार्षद आशारानी व सुरिंदर पहलवान ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ विधायक लीलाराम गुर्जर का स्वागत किया। विधायक ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा नई बनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर क्षेत्र के बहुत से कम पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा पूरे विधानसभा में विकास का काम जोरो शोरो से चल रहा है। विधायक ने जनता को वायदा किया कि कैथल के विकास के लिए सरकार की तरफ से धन की कोई कमी नही आने दूंगा।


राणा का एशियन गेम्स में हुआ चयन

अतुल त्यागी जिला प्रभारी, प्रवीण कुमार रिपोर्टर पिलखुआ


सहित देश का दर्जनों बार नाम रोशन करने वाले छोटा खली के नाम से मशहूर विनोद राणा का सऊदी अरब जीहाद में होने वाली जू जितसू एशियन गेम्स में हुआ चयन।


हापुड़। आपको बता दें 21 मार्च से 29 मार्च 2020 तक साउदी अरब, जीदाह में होने वाली जू- जितसू एशियन गेम्स में जनपद हापुड़ के इंटरनेशनल खिलाड़ी विनोद राणा का हुआ चयन आपसे पहले भी दर्जनों बार अपने देश का नाम रोशन कर चुके हैं खिलाड़ी विनोद राणा। इससे पहले विनोद राणा  का जू-जीतसू वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25th रैंकिंग प्राप्त की थी और 2019 में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी विनोद राणा का नाम दर्ज हो चुका है। विनोद राणा बैंगलोर में होने वाली 19 मई, 2019 में 10 कि.मी. टी सी एस वर्ल्ड  चैंपियनशिप मैराथन में अच्छा प्रदर्शन दिखा चुके है। 2019 में थाईलैंड में जू - जीता सू में गोल्ड मेडल जीता 2019 में पुना इंटरनेशनल मैराथन में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। 2018 में प्रोफेशनल एम. एम. ए. वर्ल्ड चैंपियनशिप में इंडोनेशिया के फाइटर को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। 2015 में सेकंड वर्ल्ड मार्शल आर्ट गेम्स में किकबॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीता था अब दिखाएंगे जनपद हापुड़ के छोटा खली के नाम से मशहूर धौलाना थाना क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी विनोद राणा सऊदी अरब में अपना जलवा आपसे पहले भी दर्जनों बार अपने देश का नाम रोशन कर चुके हैं।


विनोद राणा


मुठभेड़ः मार गिराए चार पाक सैनिक

नई दिल्ली। पाकिस्तानी सेना लगातार बीते 24 घंटे से जम्मू-कश्मीर के पुंछ और बालाकोट सेक्टर में सीमा पर गोलीबारी कर रही है। पाकिस्तानी सेना की ओर से नियंत्रण रेखा पर की गई गोलीबारी का करारा जवाब देते हुए सेना ने उसकी आधा दर्जन से अधिक चौकियों को तबाह कर दिया है। जवाबी कार्रवाई में कम से कम चार सैनिक भी मारे गए हैं। पाकिस्तानी चौकियों से उठता धुएं का गुबार पुंछ शहर तक देखा गया। इस बीच शनिवार को पाकिस्तानी गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन अन्य जवान घायल हुए थे। सैन्य प्रवक्ता ले. कर्नल देवेन्द्र आनंद ने बताया कि शहीद जवान नायक राजीव सिंह शेखावत था। वह राजस्थान का रहने वाला था। जबकि सिपाही सोयम सिंह व आजाद सिंह घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने शनिवार शाम पौने चार बजे दिगवार सेक्टर में सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। यह गोलीबारी रविवार दोपहर भी जारी है। जवाबी कार्रवाई में दिगवार सेक्टर के सामने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के चीड़िकोट क्षेत्र में तैनात पाकिस्तानी सेना की 41 सिंध रेजीमेंट की आधा दर्जन से अधिक चौकियां तबाह हो गईं। शनिवार शाम पौने चार बजे शुरू हुई गोलीबारी देर रात तक जारी थी। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान ने अकारण ही इलाके में गोलाबारी की। इसका सेना की ओर से माकूल जवाब दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन्हीं चौकियों से पाकिस्तानी सेना पिछले काफी समय से गांव और पुंछ में गोलाबारी कर भारी नुकसान कर रही थी। सेना की जवाबी कार्रवाई से शायद अब कुछ दिनों तक पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकतों पर रोक लगेगी। 


कठुआ में आईबी पर भी रातभर दागे गोले: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान सीजफायर का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहा। शुक्रवार पूरी रात पाकिस्तान ने छोटे हथियारों से सैन्य चौकियों को निशाना बनाने की कोशिश की। रात साढ़े नौ बजे से सुबह चार बजे तक गोलीबारी कर कोठा और चांदवां पोस्ट को निशाना बनाने की कोशिश की गई। इसका बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया।


हर्षोल्लास के साथ मनाई रविदास जयंती

पंकज राघव


सम्भल । सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता समिति उत्तर-प्रदेश द्वारा भक्ति काल के ज्ञानाश्रयी शाखा के महान संत भक्त रविदास की जयंती बडे उत्साह पूर्वक मनाई गई। जिसमें उनके सत्य और अहिंसा सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
नगर के हल्लूसराय मौहल्ला में स्थित ग्लोरियस इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन स्कूल के परिसर में सम्पन्न हुई संत रविदास जी की जयंती की शुरुआत समिति के प्रदेशाध्यक्ष हरद्वारी लाल गौतम व  महासचिव कु.कुसुम ने रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व एम जी एम कालेज के समाज शास्त्र विभाग के अध्यक्ष डाँ. निरंकार सिंह ने संत रविदास जी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास भक्तिकाल के निर्गुण शाखा की ज्ञानाश्रयी मार्ग के प्रमुख कवि थे। सत्य और अहिंसा के पुजारी थे। वह हमेशा कर्म को महत्व देते थे। 
कार्यक्रम के अध्यक्ष व शंकर भूषण शरण जनता इण्टर कालेज के हिन्दी प्रवक्ता डाँ. टेकचन्द निर्मल ने कहा कि संत रविदास एक समाज सुधारक थे। जिन्होंने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए जीवन भर प्रयास किया।
समिति के प्रदेशाध्यक्ष हरद्वारी लाल गौतम व महासचिव कुसुम ने कहा कि संत रविदास ने यह सिद्ध कर दिया कि कोई भी व्यक्ति उच्च जाति या कुल में जन्म लेने जन्म लेने से बडा नही होता।बल्कि वह बडा अपने कर्म से होता है। इसलिए व्यक्ति को सदा श्रेष्ठ कर्म करते रहना चाहिए।
जयंती में मनोज कुमार भास्कर,अमित कुमार गुप्ता,डाँ. मौ.शावेज, नवीन कुमार सक्सेना,रूबी, शिवानी, चिंकी दिवाकर, कुसुम तथा तरगं सक्सेना आदि ने भी संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।


महाराष्ट्र भी देगा 100 यूनिट बिजली मुफ्त

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को मुफ्त बिजली का तोहफा देकर काफी लोकप्रियता हासिल की थी। अब उनके नक्शे कदम पर महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे चल निकले हैं। महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री ने विभागीय बैठक कर अधिकारियों से कहा है कि सरकार गरीबों और किसानों को सस्ती और 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना चाहती है। इस योजना को लागू करने के लिए बिजली उत्पादन बढ़ाने के काम में सरकार जुट गई है। दरअसल, राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की इच्छा है कि दिल्ली की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी जरूरत मंदों को मुफ्त बिजली दी जाय। मुख्यमंत्री के सख्त आदेश के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसानों को दिन में कम से कम चार घंटे बिजली की आपूर्ति अनिवार्य रूप से की जाए। जिसके लिए राज्य का बिजली महकमा जुटा है। अब जरूरत मंदों को मुफ्त बिजली मुहैया कराने में विभाग जुट गया है।


ऊंची कूद में नया विश्व कीर्तिमान स्थापित

नई दिल्ली(एजेंसी)। अमरीका में जन्में 20 वर्षीय स्वीडिश खिलाड़ी अर्मान्ड डुप्लेंटिस ने 6.17 मीटर की ऊंचाई को लांघकर पोल वॉल्ट में नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। यह कारमाना अर्मान्ड ने पोलेंड के तुरान शहर में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर टून मीट में शनिवार को किया। यूरोपीय चैंपियन अर्मान्ड के पहले पोल वॉल्ट का विश्व रिकार्ड रेनॉड लेवीलेनी ने 2012 में 6.16 मीटर की ऊंचाई लांघकर बनाया था। इसके एक सप्ताह पहले ही जर्मनी में रिकार्ड तोड़ने का असफल प्रयास किया था, लेकिन उस नाकामयाबी को पीछे छोड़ते हुए तुरान में महज एक सेंटीमीटर से विश्व रिकार्ड को तोड़ने में कामयाबी हासिल की है। जीत के बाद चर्चा में अर्मान्ड ने बताया कि यह काम ऐसा है, जिसे वह तीन साल की उम्र से करना चाह रहा था। यह एक बड़ा साल है, और बेहतर तरीके से इसकी शुरुआत हुई है। हालांकि, इस रिकार्ड पर वर्ल्ड एथलेक्टिस की आधिकारिक मुहर लगने में अभी समय लगेगा। लेकिन ऐसे समय जब 24 जुलाई से टोक्यो ओलंपिक शुरू होना है, अर्मान्ड ने संदेश दे दिया है।


रालोअ में 444 मामलों का निष्पादन

बरमो। माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश पर तेनुघाट न्यायालय में शनिवार 8 फरवरी को लगे राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत उदघाटन जिला जज प्रथम उत्तम आनंद, जिला जज द्वितीय गुलाम हैदर, जिला जज तृतीय राजेश सिन्हा, जिला जज चतुर्थ विशाल कुमार, एसीजीएम विशाल गौरव, एसडीजीएम सह अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति के सचिव  संजीत कुमार चंद्र,  मुंसिफ  एसएन कुजूर,  प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी  दीपक कुमार साहू, कार्यपालक दंडाधिकारी  छवि बाला बारला, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष  कुमार अनंत मोहन सिन्हा  एवं महासचिव वकील प्रसाद महतो ने सन्युक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सभा को संबोधित करते हुए जिला जज प्रथम उत्तम आनंद ने कहा की आपको छोटे-छोटे मुकदमा के लिए न्यायालय में आना पड़ता है। मगर इसके माध्यम से आप सुलह समझौता के आधार पर मुकदमा समाप्त कर सकते हैं। न्यायालय में कई तरह की कानूनी प्रक्रिया होती है। मगर यहां पर आकर  उस प्रक्रिया से बंधे हुए नहीं हैं। सुलह समझौते के आधार पर मुकदमा समाप्त हो जाता है। बोकारो प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष विधिक सेवा प्राधिकार मोहम्मद शाकिर का अभिनंदन करता हूं। उनके तत्वाधान एवं दिशा-निर्देश इतने भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। साथ ही सचिव संजीत कुमार चंद्र एवं बोकारो जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को भी बधाई देता हूं। आशा करता हूं कि आप इस राष्ट्रीय लोक अदालत में से काफी लाभान्वित होंगे  एवं आपस में भाईचारा कायम करेंगे। वहीं जिला जज तृतीय राजेश सिन्हा  बताया कि लोक अदालत के मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता होता है। कोई भी पक्ष न तो हारता हैै और ना जीतता है। दोनोंं पक्ष पक्ष आपस में दोस्त बनकर यहां से बाहर निकलते हैं। अधिवक्ता संघ केे अध्यक्ष कुमार अनंत मोहन सिन्हा ने बताया कि  मुकदमों की संख्या इतनी बढ़ रही थी उसका निष्पादन तुरंत होना संभव नहीं था। इसी को लेकर लोक अदालत का गठन किया गया। जिससे त्वरित मुकदमों का निष्पादन हो और उसके द्वारा त्वरित निष्पादित हो रहा है। इसका उदाहरण यहां भीड़ को देखकर भी किया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 444 मामलों का निष्पादन एवं लगभग 1,43,27,000 रुपये की जुर्माना राशि वसूल किए गए। जिसमें बिजली विभाग के 35 मामले में 2,14,000 रुपये की जुर्माना राशि, बैंक के 112 मामलों में लगभग 60 लाख रुपए, मोटरयान दुर्घटना के तीन मामले में लगभग 16 लाख 30 हजार, एन आई एक्ट के 21 मामलों में लगभग 50,00,000 रुपए की जुर्माना राशि वसूल किया गये।


हेल्थ को इम्प्रूव कर सकता हैं 'नारियल' का पानी

हेल्थ को इम्प्रूव कर सकता हैं 'नारियल' का पानी  सरस्वती उपाध्याय  औषधीय गुणों से भरपूर नारियल का पानी आपकी ओवरऑल हेल्थ को काफी हद तक...