बुधवार, 7 अप्रैल 2021

48 वर्षीय लेखिका के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज

दिसपुर। असम में 48 साल की एक महिला लेखिका के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज हुआ है। लेखिका शिखा शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट किया है। इस पोस्ट के बाद पुलिस ने उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया। गत शनिवार को बीजपुर में नक्सलियों के घात लगाकर किए गए हमले में सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो के 22 जवान शहीद हो गए। 
रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी शिखा गुवाहाटी में रहकर लेखन कार्य करती हैं। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा, ‘शर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124-ए (देशद्रोह) सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। शर्मा को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।‘ लेखिका सोशल मीडिया पर काफी मुखर हैं। उन्होंने सोमवार को फेसबुक पर कथित रूप से लिखा था, ‘कर्तव्य का पालन करते हुए जान गंवाने वाले वेतनभोगी पेशेवरों को शहीद नहीं कहा जा सकता। इस तर्क के आधार पर विद्युत विभाग में काम करने वाले कर्मचारी की बिजली के संपर्क में आने से यदि मौत हो जाती है  तो उसे भी शहीद का दर्जा देना चाहिए। मीडिया को लोगों की भावनाओं से नहीं खेलना चाहिए।

गाज़ियाबाद के अस्पतालों में टीके के लिए मारामारी

अश्वनी उपाध्याय     
गाजियाबाद। केंद्र और राज्य सरकार 45 साल और उससे अधिक की उम्र वाले सभी लोगों को टीका लगवाने के लिए लगातार अपील कर रही है। राज्य सरकार ने टीकाकरण अभियान को प्रोत्साहन देने के लिए लाटरी के माध्यम से इनाम देने की भी योजना बनाई है।
लेकिन गाज़ियाबाद जिले में स्वास्थ्य विभाग के पास टीके की कमी के कारण यहाँ लोग चाह कर भी टीका नहीं लगवा पा रहे हैं। मंगलवार को जिले में कुल 87 केंद्रों के सापेक्ष 65 सरकारी केंद्रों में 6803 और 22 प्राइवेट अस्पतालों में 2794 लोगों को टीका लगा है। सूत्रों के अनुसार गाज़ियाबाद में प्रतिदिन 18 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है, लेकिन विभाग के पास मात्र 750 डोज बची हुई हैं।
मंगलवार को संयुक्त अस्पताल में दूसरी डोज लगवाने पहुंचे एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह को लोगों ने टीका लगवाने के लिए घेर लिया। बड़ी मुश्किल से लोगों को शांत किया गया। वहीं पर निजी केंद्रों ने आरोप लगाया है कि उन्हें तीन दिन बाद भी पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके चलते रोज केंद्रों पर टीका लगवाने वाले लोग हंगामा कर रहे हैं।
अब तक तीन सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर हंगामा करने के दस मामलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस को बुलाया गया है। मंगलवार को संयुक्त अस्पताल में लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस को बुलाना पड़ गया। वैक्सीन के अभाव में कई लोग निराश होकर घर लौट रहे हैं। सीएमओ डॉ. एन के गुप्ता का दावा है कि 12 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का कोटा है। लेकिन ई-स्टोर का रिकार्ड रजिस्टर बता रहा है कि केवल 750 डोज ही उपलब्ध है। सूत्रों का कहना है कि मेरठ में ही वैक्सीन का अभाव है।

कलयुगी पिता ने 13 वर्षीय बेटी का विवाह किया

पंकज कपूर       
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी तेरह वर्षीय बिटिया का विवाह चंद पैसों के लालच में दोगुनी उम्र के व्यक्ति से कर दिया। नाबालिग बेटी कक्षा 8 की छात्रा है। जब वह स्कूल नहीं पहुंची, तब शिक्षकों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि घर वालों ने उसकी शादी कर दी। शिक्षक ने इसका खुलासा किया तो पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक टीम जब घर पहुंची तो कहानी सुनकर हैरान रह गई। तत्काल पिता और शादी करने वाले के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
चमोली जनपद के पोखरी तहसील के अंतर्गत एक गांव में कक्षा आठ की एक छात्रा की शादी का मामला सामने आया। दरअसल कोरोना काल के चलते अभी तक स्कूल बंद चल रहे थे। अब जब स्कूल खुले तो कक्षा 8 की एक छात्रा स्कूल ही नहीं पहुंची। बताया जा रहा है स्कूल के शिक्षक उपेंद्र सती ने उक्त छात्रा को पढ़ाने का जिम्मा ले रखा था, इस नाते जब खोजबीन शुरू की पता चला कि उसके पिता ने कुछ रुपयों के लालच में उसकी शादी देहरादून निवासी एक 25 साल के युवक से कर दी है। लेकिन वह इस वक्त गांव में ही है। शिक्षक उपेंद्र सती ने किसी तरह छात्रा से बात कर उसे स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। छात्रा जब स्कूल आई तो वह डरी-सहमी थी। शिक्षक के काफी समझाने पर जब उसने अपनी पीड़ा बयां की स्कूल स्टाफ हैरान रह गया। छात्रा ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही तथाकथित पति ने उसको बुरी तरह मारा पीटा और घर से निकाल दिया।
शिक्षक उपेंद्र सती ने पूरा मामला सुन प्रशासन और राजस्व पुलिस को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया। प्रशासनिक टीम ने छात्रा के घर जाकर उससे बातचीत की तब पूरे मामले की पुष्टि हो गई।

महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मतदाताओं से मारपीट

बनेश्वर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर सीआरपीएफ के जवान राज्य में मतदाताओं को परेशान कर रहे हैं।
ममता ने कूचबिहार जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय बल के कर्मियों पर मौजूदा विधानसभा चुनावों के दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने और लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, “वे मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें ऐसा करने का निर्देश दिया है।
ममता ने दावा किया कि राज्य में हो रहे चुनावों के दौरान कम से कम 10 लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रशासन चुनाव आयोग चला रहा है। कृपया गौर करें कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी की मौत नहीं हो। मेरा आपसे अनुरोध है कि उन सीआरपीएफ कर्मियों पर नजर रखें जो राज्य में अभी ड्यूटी पर हैं। उन्हें महिलाओं को परेशान करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। ऐसे मामले भी हैं। जिनमें केंद्रीय बल के कर्मचारियों द्वारा लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की गयी है।

जिला योजना में 462 करोड़ 62 लाख की धनराशि

पंकज कपूर     
देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिला योजना के तहत विभिन्न विकास कार्यों हेतु  12 जिलों के लिए 462 करोड़ 62 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में अल्मोड़ा जिले में आचार संहिता प्रभावी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत धनराशि को जल्द से जल्द अवमुक्त किया जाए। प्रदेश का संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। धनराशि समय पर आवंटित होने से ग्राउंड लेवल पर कार्य में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निदेश दिए।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिला योजना के अंतर्गत 12 जिलों के लिए 462 करोड़ 62 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत करते हुए संबंधित जिलाधिकारियों के निवर्तन पर रखा गया है। इसमें सामान्य के तहत 361 करोड़ 41 लाख रूपए, एससीपी के तहत 86 करोड़ 32 लाख रूपए और टीएसपी के तहत 14 करोड़ 89 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत की गई है।

नैनीताल जिले के लिए 35 करोड़ 11 लाख, ऊधमसिंह नगर 37 करोड़ 10 लाख, पिथौरागढ़ 35 करोड़ 90 लाख, बागेश्वर 29 करोड़ 82 लाख, चम्पावत 29 करोड़ 18 लाख, देहरादून 49 करोड़ 73 लाख, पौड़ी 60 करोड़, टिहरी 47 करोड़ 61 लाख, चमोली 37 करोड़ 14 लाख, उत्तरकाशी 38 करोड़ 28 लाख, रूद्रप्रयाग 29 करोड़ 08 लाख और हरिद्वार के लिए 33 करोड़ 67 लाख रूपए की धनराशि जिला योजना में स्वीकृत की गई है।   

नेहा की फिल्म ‘जोगीरा सारा रा रा’ की शूटिंग पूरी

मनोज सिंह ठाकुर        
मुंबई। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अभिनेत्री नेहा शर्मा ने निर्देशक कुशान नंदी की फिल्म ‘जोगीरा सारा रा रा’ की शूटिंग पूरी कर ली है। इस फिल्म की पटकथा गालिब असद भोपाली ने लिखी है।

 इसकी कहानी एक ‘अजीब’ जोड़े के आसपास घूमती है और फिल्म की शूटिंग मुख्य तौर पर लखनऊ और नंदी ने बताया कि गानों को छोड़कर टीम के सदस्यों ने फिल्म की शूटिंग तय समय सीमा के अंदर और सुरक्षा एहतियातों के साथ पूरी कर ली।

 उन्होंने एक बयान में कहा कि बिना किसी ‘रूकावट’ के फिल्म की शूटिंग पूर हो गई। एक निर्देशक के तौर पर उन पर सभी चीजों को सही तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी थी लेकिन बिना कलाकारों, टीम के सदस्यों और निर्माताओं के सहयोग से ऐसा संभव नहीं हो पाता।

 नंदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दर्शक इस फिल्म को देखकर आनंदित होंगे। सिद्दीकी ने इस साल फरवरी में इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने की घोषणा की थी। यह फिल्म 2021 की दूसरी छमाही में रिलीज हो सकती है।

अकेले होने के बावजूद भी मास्क पहनना अनिवार्य

अकांशु उपाध्याय        
नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान चेहरे को ढकना ‘सुरक्षा कवच’ की तरह है और निजी वाहन में ड्राइविंग करते हुए अकेले होने के बावजूद भी मास्क पहनना अनिवार्य है। न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह ने निजी वाहन में अकेले ड्राइविंग करते हुए मास्क न पहनने पर चालान काटने के दिल्ली सरकार के फैसले में हस्तक्षेप करने से भी इनकार कर दिया और इसे चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर दीं। अदालत ने कहा कि महामारी के दौरान मास्क ‘सुरक्षा कवच’ की तरह है।

मुख्तार अंसारी को बांदा जेल में शिफ्ट किया: यूपी

हरिओम उपाध्याय      
बांदा। उत्तर प्रदेश के हाई प्रोफाइल माफिया डान और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब से लाकर बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मुख्तार को पंजाब में रोपड़ जिले की रूपनगर जेल से चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बांदा जेल लाया गया। जेल प्रशासन ने बाहुबली विधायक के बांदा जेल में पहुंचने की पुष्टि कर दी है। उसे बैरक नम्बर 16 में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। फिलहाल, माफिया डान को तन्हाई में रखा गया है। उसका स्वास्थ्य ठीक है और आज उसकी कोरोना जांच की जायेगी। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद पंजाब सरकार मुख्तार को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले करने के लिये तैयार हुयी थी जिसके बाद उसे सड़क मार्ग से यहां लाने का फैसला किया गया था।इसके लिये गृह विभाग ने सुरक्षा का फुल प्रूफ प्लान तैयार किया था और करीब 140 जवानो का एक दल जिसमे पीएसी के जवान भी शामिल थे, सोमवार को पंजाब के लिये रवाना हुआ। इस बीच माफिया सरगना की सुरक्षा और अनहोनी के तमाम कयास विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर लगाये जाने लगे। इन सबसे बेपरवाह सुरक्षा बलों ने दो दिन और दो रात के थकान भरे सफर को तय कर बाहुबली को बांदा जेल सुरक्षित पहुंचाने के अपने कर्तव्य को बखूबी अंजाम दिया।
पंजाब पुलिस ने मंगलवार दोपहर मुख्तार को यूपी पुलिस के हवाले किया था। जिसके बाद उसे करीब 18 गाड़ियों के काफिले के संग 14 घंटे का सफर तय कर बांदा जेल लाया गया। बांदा जेल में मुख्तार की सुरक्षा के लिये सभी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी थी। प्रदेश के 24 थानो में करीब 52 मामलों में वांछित मुख्तार को बांदा जेल में लाने के लिये याेगी सरकार को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान 50 से अधिक बार उसे वापस लाने के प्रयास किये गये मगर हर बार पंजाब की कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुये टरका दिया। आखिरकार उच्चतम न्यायालय ने प्रदेश सरकार की प्रभावी पैरवी के बाद उसे यूपी पुलिस के हवाले करने आदेश दिया।

'आरबीआई' ने नहीं किया ब्याज दरों में बदलाव

मनोज सिंह ठाकुर        
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष की पहली नीतिगत समीक्षा के दौरान नितिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया और साथ ही कहा कि वृद्धि को समर्थन देने तथा मुद्रास्फीति को लक्षित स्पर पर बनाए रखने के लिए केंद्रीय बैंक उदार मौद्रिक नीति को जारी रखेगा।
आरबीआई ने नीतिगत दरों पर लगातार पांचवीं बार यथास्थिति बरकरार रखा और रेपो दर चार प्रतिशत पर अपरिवर्तित है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि हाल में कोविड-19 संक्रमण में बढ़ोतरी ने आर्थिक वृद्धि दर में सुधार को लेकर अनिश्चितता पैदा की है।साथ ही उन्होंने वायरस के प्रकोप को रोकने और आर्थिक सुधारों पर घ्यान दिए जाने की आवश्यकाता पर बल दिया। केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए आर्थिक वृद्धि के लक्ष्य को 10.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा। दास ने कहा कि केंद्रीय बैंक प्रणाली में पर्याप्त नकदी सुनिश्चित करेगा। ताकि, उत्पादक क्षेत्रों को ऋण आसानी से मिले।

बचाव संबंधी उपायों को अपनाने का अनुरोध किया

अकांशु उपाध्याय      
 नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर लोगों से मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और कोविड-19 महामारी से बचाव संबंधी सभी उपायों को अपनाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रतिरक्षा शक्ति मजबूत करने और खुद को फिट रखने की भी अपील की। प्रधानमंत्री की यह अपील ऐसे समय में आई है। जब देश में एक बार फिर कोरोना वायरस महामारी तेजी से फैलने लगी है और इसके मद्देनजर कुछ राज्यों को आंशिक लॉकडाउन जैसे सख्त कदम भी उठाने पड़े हैं। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हमें कोविड-19 से मुकाबले के दौरान मास्क पहनने, नियमित रूप से हाथ धोने और अन्य उपायों का पालन करने का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही, प्रतिरक्षा शक्ति की मजबूती और फिट रहने के लिए हर संभव कदम उठाएं। पीएम ने कहा कि लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए सरकार आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जन औषधि योजना जैसे कई कदम उठा रही है। कोविड-19 से लड़ाई के लिए आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भी चला रहा है।

भारत: 24 घंटों में 1.15 लाख से अधिक नए मामलें

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। देश में महामारी की शुरुआत होने के बाद से कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक के सबसे ज्यादा मामले आए हैं। पिछले 24 घंटों में 1.15 लाख से ज्यादा नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 1,28,01,785 हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि तीन दिन में दूसरी बार एक दिन में कोराना वायरस संक्रमण के एक लाख से ज्यादा मामले आए हैं।मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,15,736 मामले आए तथा 630 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 1,66,177 हो गयी। देश में लगातार 28 वें दिन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होने से उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 8,43,473 हो गयी है जो कि संक्रमण के कुल मामलों का 6.59 प्रतिशत है। वहीं, स्वस्थ होने की दर भी 92.11 प्रतिशत हो गयी है। देश में 12 फरवरी को उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,35,926 थी जो कि संक्रमण के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थी। आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से अब तक 1,17,92,135 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.30 प्रतिशत हो गयी है।

अधिकारियों को कार्य संचालित करने के निर्देश

अधिकारियों को कार्य संचालित करने के निर्देश  संदीप मिश्र  लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलो में भारी बारिश से हुए नुकसान...