शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2023

कोल्ड स्टोर में बॉयलर फटने से लेंटर गिरा, 60 दबे

कोल्ड स्टोर में बॉयलर फटने से लेंटर गिरा, 60 दबे

सत्येंद्र पंवार 

मेरठ। मेरठ में शुक्रवार को दौराला थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। शिव शक्ति कोल्ड स्टोर में कार्य करने के दौरान बॉयलर फटने से लेंटर गिर गया। लेंटर गिरने से करीब 60 मजदूर दब गए। जिसके मलबे के नीचे दबकर 5 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

सूचना मिलने पर जिले के तमाम अधिकारी व फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस व आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए हैं। अभी तक करीब 27 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि हादसे के बाद किसी गैस का रिसाव भी हुआ है, जिसकी चपेट में आकर वहां मौजूद कई मजदूर बेहोश हो गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

मौके पर पहुंचे मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव, पूर्व विधायक संगीत सोम ने घटना की जानकारी ली। कोल्ड स्टोर पूर्व बसपा विधायक चौधरी चंद्रवीर सिंह का है। अभी तक प्रशासन ने इस बात को लेकर पुष्टि नहीं की है कि कितने लोगों की हादसे में मौत हुई है और कितने लोग घायल हुए हैं। अमोनिया का रिसाव होने से किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। वहीं अधिकारियों के निर्देश पर 2-3 जेसीबी मौके पर बुलाई गई है, जो मलबे को हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालने में लगी है।

विधान परिषद की सदस्यता से कुशवाहा का इस्तीफा

विधान परिषद की सदस्यता से कुशवाहा का इस्तीफा

अविनाश श्रीवास्तव 

पटना। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। जदयू छोड़कर अपनी नई पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल (रालोजद) बनाने वाले कुशवाहा ने शुक्रवार को बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर से मुलाकात की और उन्हें परिषद की सदस्यता से इस्तीफे का पत्र सौंप दिया।

बाद में उन्होंने कहा कि जिस दिन उन्होंने जदयू छाेड़ा और अपनी नई पार्टी बनाई थी उस दिन परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा देने की घोषणा की थी लेकिन परिषद के सभापति उस दिन पटना में नहीं थे इसलिए इसकी औपचारिकता आज पूरी की गई। श्री कुशवाहा ने कहा, "सभी जानते हैं कि मैं किसी का एहसान लेकर राजनीति नहीं करता। मैं जमीर बेचकर अमीर बनने वालों में से नहीं हूं।

अब यह कुर्सी लोगों की सेवा के लिए नहीं रह गई थी इसलिए अब सदन की कुर्सी छोड़कर सड़क पर आ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यक्तिगत सुख सुविधाओं के लिए नहीं बल्कि दबे कुचले लोगों को न्याय दिलाने के लिए होती है। गौरतलब है कि श्री कुशवाहा का बिहार विधान परिषद का कार्यकाल मार्च 2027 तक था। उन्होंने 20 फरवरी को जदयू से भी इस्तीफा दे दिया था। 

छात्रों से टैगोर की तरह मानवतावादी बनने का आग्रह 

छात्रों से टैगोर की तरह मानवतावादी बनने का आग्रह 

अकांशु उपाध्याय/मिनाक्षी लोढी 

नई दिल्ली/शांतिनिकेतन। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्व भारती को ‘‘शिक्षा का मंदिर’’ बताते हुए शुक्रवार को संस्थान के छात्रों से इसके संस्थापक रवींद्रनाथ टैगोर की तरह मानवतावादी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि टैगोर के विचार और दर्शन भारतीय समाज को प्रभावित करते रहते हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता कर रहे सिंह ने यह भी कहा कि बंगाल में ‘‘तीर्थयात्रा के दो केंद्र हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक गंगा सागर और दूसरा विश्व भारती।’’ छात्रों और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘टैगोर ने हमें दिखाया था कि राष्ट्रवाद क्षेत्रीय नहीं हो सकता। यह हमारी बहुलवादी संस्कृति पर आधारित होना चाहिए।

उन्होंने बच्चों में मानवतावाद के मूल्यों को विकसित करने के लिए इस जगह की स्थापना की।’’ उन्होंने छात्रों से जीवन में उल्लेखनीय काम करने और इस बारे में सोचने का आह्वान किया कि इससे देश को कैसे फायदा हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 से युवाओं का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा, ‘‘एक बच्चे का भविष्य उसकी परवरिश पर निर्भर करता है। टैगोर का विश्व भारती हमें दिखाता है कि यह रास्ता कैसे होना चाहिए ... जेल जैसे कमरों की सीमाओं से मुक्त, प्रकृति की गोद में।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप जीवन में जो भी बनें... वैज्ञानिक, इंजीनियर, सुधारवादी, सामाजिक वैज्ञानिक या कलाकार, आपको गुरुदेव द्वारा अपनाए गए मूल्यों को अपनाना चाहिए।’’

समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले के शब्दों ‘‘बंगाल जो आज सोचता है, भारत वह कल सोचता है’’ को याद करते हुए सिंह ने कहा कि इस कथन को फिर से साकार करने की जरूरत है और इसकी जिम्मेदारी युवाओं के ऊपर ही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं आज बंगाल में फिर से जागृति की आवश्यकता है, जिससे यह भूमि एक बार फिर पूरे देश को ज्ञान-विज्ञान और दर्शन के क्षेत्र में नया योगदान दे सके।

मुझे पूरा विश्वास है कि आप इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेंगे।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कवि, लेखक, संगीतकार और दार्शनिक टैगोर सामाजिक सुधारों और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से परिवर्तन लाने में विश्वास करते थे। उन्होंने कहा कि भारत आगे बढ़ने के साथ ‘‘महान मानवतावादी’’ के ‘‘मार्ग दर्शन’’ का अनुसरण कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘गुरुदेव ने भारतीय राष्ट्रवाद को मूर्त रूप दिया।

उन्होंने ही जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद ब्रिटिश शासकों द्वारा उन्हें दिया गया नाइटहुड सम्मान वापस कर दिया था।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘आज जब हमारा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है, देश विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए-नए मानदंड स्थापित कर दुनिया भर में अपनी धाक जमा रहा है, ‘मेक इन इंडिया से होते हुए मेक फोर द वर्ल्ड’ की राह पर आगे बढ़ रहा है, तो निश्चित ही यह गुरुदेव की दूरदृष्टि का परिणाम है।’’

सरकार ने 3.01 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया

सरकार ने 3.01 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया

इकबाल अंसारी 

गांधीनगर। गुजरात सरकार ने शुक्रवार को 3.01 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसमें जनता पर किसी नए कर का बोझ नहीं डाला गया है। गुजरात के वित्त मंत्री कानू देसाई ने यहां विधानसभा में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए बजट पेश किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार का यह पहला बजट है।

इस बजट में कई योजनाओं और परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे गए हैं जिनमें से कुछ वे वादे हैं जो भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में किए थे। इनमें, पात्र परिवारों के लिए प्रधानमंत्री जन आरोग्य-मां अमृतम योजना के तहत वार्षिक बीमा सीमा को दोगुना करके 10 लाख रुपये करना, उज्ज्वला योजना के तहत परिवारों को हर साल दो-दो रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त प्रदान करना शामिल है।

वित्त मंत्री देसाई ने कहा कि 2023-24 के लिए अनुमान 916.87 करोड़ रुपये का अधिशेष दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि बजटीय प्रावधान में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है और यह पिछले वर्ष की तुलना में 23.38 फीसदी अधिक है। बजट में कोई नया कर लगाने का प्रस्ताव नहीं है। देसाई ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) को 42 लाख करोड़ रुपये से अधिक करना है।

उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार अगले पांच वर्ष में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगभग पांच लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा, गुजरात में 1,500 करोड़ रुपये की लागत से पांच राजमार्गों को हाई स्पीड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार अगले साल प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लगभग एक लाख लोगों को मकान उपलब्ध कराने के लिए 1,066 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

पूर्व 'राष्ट्रपति' प्रतिभा के पति शेखावत का निधन 

पूर्व 'राष्ट्रपति' प्रतिभा के पति शेखावत का निधन 

अकांशु उपाध्याय/कविता गर्ग 

नई दिल्ली/पुणे। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के पति देवीसिंह शेखावत का 89 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व राष्ट्रपति के परिवार से जुड़े करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘दिल का दौरा पड़ने से आज सुबह नौ बजे उनका निधन हो गया।’’ उनके परिवार में पत्नी प्रतिभा पाटिल, एक बेटा तथा एक बेटी हैं। सूत्र ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार पुणे में किया जाएगा। 

एचसी के 7 न्यायाधीशों की शिकायतों पर गौर करें 'केंद्र'

एचसी के 7 न्यायाधीशों की शिकायतों पर गौर करें 'केंद्र'

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को केंद्र को आदेश दिया कि वह अपने सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते बंद किए जाने का आरोप लगाने वाले पटना उच्च न्यायालय के सात न्यायाधीशों की शिकायतों पर गौर करें। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा की पीठ ने कहा, हम इस मामले का (अगले सप्ताह) शुक्रवार को निपटारा करेंगे।

पीठ ने केंद्र की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के एम नटराज से मामले को देखने और इस पर निर्देश लेने को कहा तथा याचिका पर आगे की सुनवाई के लिए तीन मार्च की तारीख तय की। न्यायालय ने 21 फरवरी को पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई थी।

उस समय इस मामले का जिक्र किए जाने पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा था, क्या? न्यायाधीशों का जीपीएफ खाता बंद हो गया? याचिकाकर्ता कौन है? मामले को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध करें। यह याचिका पटना उच्च न्यायालय के सात न्यायाधीशों - न्यायमूर्ति शैलेंद्र सिंह, न्यायमूर्ति अरुण कुमार झा, न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार, न्यायमूर्ति आलोक कुमार, न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा, न्यायमूर्ति चंद्र प्रकाश सिंह और न्यायमूर्ति चंद्र शेखर झा ने दायर की है। 

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन


दुनिया का बेहतरीन तेज 'गेंदबाज' है बुमराह

दुनिया का बेहतरीन तेज 'गेंदबाज' है बुमराह  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव क्रिकेट से संन्यास के बाद अब कमेंटे...