शनिवार, 5 अक्तूबर 2024

नवरात्रि का चौथा दिन मां 'कूष्मांडा' को समर्पित

नवरात्रि का चौथा दिन मां 'कूष्मांडा' को समर्पित 

सरस्वती उपाध्याय 
नवरात्र-पूजन के चौथे दिन कूष्मांडा देवी के स्वरूप की उपासना की जाती है। इस दिन साधक का मन 'अनाहत' चक्र में अवस्थित होता है। अतः इस दिन उसे अत्यंत पवित्र और अचंचल मन से कूष्मांडा देवी के स्वरूप को ध्यान में रखकर पूजा-उपासना के कार्य में लगना चाहिए। 
जब सृष्टि का अस्तित्व नहीं था, तब इन्हीं देवी ने ब्रह्मांड की रचना की थी। अतः ये ही सृष्टि की आदि-स्वरूपा, आदिशक्ति हैं। इनका निवास सूर्यमंडल के भीतर के लोक में है। वहाँ निवास कर सकने की क्षमता और शक्ति केवल इन्हीं में है। इनके शरीर की कांति और प्रभा भी सूर्य के समान ही दैदीप्यमान हैं। 
इनके तेज और प्रकाश से दसों दिशाएँ प्रकाशित हो रही हैं। ब्रह्मांड की सभी वस्तुओं और प्राणियों में अवस्थित तेज इन्हीं की छाया है। माँ की आठ भुजाएँ हैं। अतः ये अष्टभुजा देवी के नाम से भी विख्यात हैं। इनके सात हाथों में क्रमशः कमंडल, धनुष, बाण, कमल-पुष्प, अमृतपूर्ण कलश, चक्र तथा गदा है। आठवें हाथ में सभी सिद्धियों और निधियों को देने वाली जपमाला है। इनका वाहन शेर है।

श्लोक... 

सुरासंपूर्णकलशं रुधिराप्लुतमेव च।
दधाना हस्तपद्माभ्यां कूष्माण्डा शुभदास्तु मे ॥
प्रथमं शैलपुत्री च द्वितीयं ब्रह्मचारिणी। तृतीयं चन्द्रघण्टेति कूष्माण्डेति चतुर्थकम् ।। पंचमं स्कन्दमातेति षष्ठं कात्यायनीति च। सप्तमं कालरात्रीति महागौरीति चाष्टमम् ।।

महिमा... 

मां कूष्माण्डा की उपासना से भक्तों के समस्त रोग-शोक मिट जाते हैं। इनकी भक्ति से आयु, यश, बल और आरोग्य की वृद्धि होती है। मां कूष्माण्डा अत्यल्प सेवा और भक्ति से प्रसन्न होने वाली हैं। यदि मनुष्य सच्चे हृदय से इनका शरणागत बन जाए तो फिर उसे अत्यन्त सुगमता से परम पद की प्राप्ति हो सकती है। 
विधि-विधान से मां के भक्ति-मार्ग पर कुछ ही कदम आगे बढ़ने पर भक्त साधक को उनकी कृपा का सूक्ष्म अनुभव होने लगता है। यह दुःख स्वरूप संसार उसके लिए अत्यंत सुखद और सुगम बन जाता है। मां की उपासना मनुष्य को सहज भाव से भवसागर से पार उतारने के लिए सर्वाधिक सुगम और श्रेयस्कर मार्ग है। 
मां कूष्माण्डा की उपासना मनुष्य को आधियों-व्याधियों से सर्वथा विमुक्त करके उसे सुख, समृद्धि और उन्नति की ओर ले जाने वाली है। अतः अपनी लौकिक, पारलौकिक उन्नति चाहने वालों को इनकी उपासना में सदैव तत्पर रहना चाहिए।

उपासना... 

चतुर्थी के दिन मां कूष्मांडा की आराधना की जाती है। इनकी उपासना से सिद्धियों में निधियों को प्राप्त कर समस्त रोग-शोक दूर होकर आयु-यश में वृद्धि होती है। प्रत्येक सर्वसाधारण के लिए आराधना योग्य यह श्लोक सरल और स्पष्ट है। मां जगदम्बे की भक्ति पाने के लिए इसे कंठस्थ कर नवरात्रि में चतुर्थ दिन इसका जाप करना चाहिए। 

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ कूष्माण्डा रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।'

अर्थ: हे मां! सर्वत्र विराजमान और कूष्माण्डा के रूप में प्रसिद्ध अम्बे, आपको मेरा बार-बार प्रणाम है या मैं आपको बारंबार प्रणाम करता हूँ। हे माँ, मुझे सब पापों से मुक्ति प्रदान करें। 
अपनी मंद, हल्की हँसी द्वारा अंड अर्थात ब्रह्मांड को उत्पन्न करने के कारण इन्हें कूष्माण्डा देवी के रूप में पूजा जाता है। संस्कृत भाषा में कूष्माण्डा को कुम्हड़ कहते हैं। बलियों में कुम्हड़े की बलि इन्हें सर्वाधिक प्रिय है। इस कारण से भी मां कूष्मांडा कहलाती हैं। 

पूजन... 

इस दिन जहाँ तक संभव हो बड़े माथे वाली तेजस्वी विवाहित महिला का पूजन करना चाहिए। उन्हें भोजन में दही, हलवा खिलाना श्रेयस्कर है। इसके बाद फल, सूखे मेवे और सौभाग्य का सामान भेंट करना चाहिए। जिससे माताजी प्रसन्न होती हैं और मनवांछित फलों की प्राप्ति होती है। 

12वीं कक्षा की छात्रा को 1 दिन का डीएम बनाया

12वीं कक्षा की छात्रा को 1 दिन का डीएम बनाया 

भानु प्रताप उपाध्याय 
शामली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर शामली में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 12वीं कक्षा की एक छात्रा को एक दिन का डीएम बनाया गया। डीएम बनी छात्रा आकांक्षा ने शामली कलेक्ट पहुंचकर जनसुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को उक्त समस्या के निस्तारण के दिशा निर्देश दिए। जब छात्रा संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रही थी तो उनकी पास जिलाधिकारी अरविंद चौहान व रामसेवक गौतम बैठे थे। 
दरअसल, आपको बता दें कि यह मामला जनपद शामली की कलेक्ट्रेट परिसर का है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए उन्हीं के निर्देश पर शामली जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने 12वीं कक्षा की गत वर्ष में टॉपर रही छात्रा आकांक्षा को एक दिन का डीएम बनाया। डीएम बनी छात्रा ने शामली कलेक्ट्रेट में पहुंचकर तहसील दिवस में आम जनमानस की समस्याओं को सुना, आकांक्षा ने संबंधित अधिकारियों को उक्त जन समस्याओं के समाधान के दिशा निर्देश दिए। 
आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने आज जनसुनवाई की है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर एक दिन का डीएम बनाया गया है। मैं इंजीनियर बनना चाहती हूं और युवाओं से अपील करती हूं कि वह पढ़े लिखे और अपना भविष्य बनाएं। यह कुर्सी समाज सेवा के लिए बनाई गई है। 
जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि उन्होंने आमजन मानस की सुनवाई के लिए सभी विभागों में नोडल अधिकारी बने हैं और वह सभी उन समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान हो यह उनकी प्राथमिकता है। गांव की आम जन समस्याओं को लेकर भी सामाजिक व्यक्तियों को संवेदनशील होना पड़ेगा। जिससे कि सामाजिक स्तर पर समाधान करने में कोई दिक्कत ना हो। उन्होंने जनता की समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील होकर निस्तारण करने के दिशा निर्देश भी दिए।

पुलिस कार्मिकों को 'ई-पेंशन' से जोड़ने के निर्देश

पुलिस कार्मिकों को 'ई-पेंशन' से जोड़ने के निर्देश 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कार्मिकों को 'ई-पेंशन' से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पुलिस कार्मिक को समय पर पदोन्नति मिलें। उनकी चरित्र पंजिका पर सही विवरण अंकित हो। उनकी योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप पदस्थापना मिले और सेवानिवृत्ति के समय देयकों का भुगतान समय से हो। यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस कार्मिकों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और बेहतरीन प्रशिक्षण के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के भी निर्देश दिए हैं। 
शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के सभी अधिकारियों के साथ विशेष बैठक में मुख्यमंत्री ने एक- एक कर सभी एडीजी से उनकी वर्तमान पदस्थापना अवधि में किए गए कार्यों, अपनाए गए नवाचारों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस की सभी इकाइयों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय होना चाहिए। लॉजिस्टिक इकाई हो, अभिसूचना इकाई हो अथवा, एसआईटी, क्राइम, पीआरवी 112 आदि, इकाइयाँ भले ही अलग-अलग हैं। लेकिन, सभी का लक्ष्य एक ही है, प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाएं रखना। इसलिए सभी के बीच बेहतर तालमेल होना आवश्यक है। योगी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी समय पर कार्यालय आएं। किसी भी कार्यालय में कोई फाइल तीन दिन से अधिक लंबित न हो। यदि किसी तरह की समस्या हो तो डीजीपी कार्यालय, गृह विभाग अथवा सीधे मुझसे समय लेकर मिल सकते हैं, लेकिन अनिर्णय की स्थिति न होनी चाहिए। फाइल लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत सारी इकाइयों में फील्ड विजिट बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। एडीजी स्तर के अधिकारी के जिलों में जाने से अच्छा अधीनस्थ पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जिलों में जाएं अपनी इकाई से जुड़े कामकाज की समीक्षा करें, जहां सुधार की आवश्यकता हो, उस अनुरूप काम किया जाए। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल में लॉजिस्टिक्स का अभाव न हो। समय-समय पर इसकी समीक्षा करते रहें। हमारा पुलिस बल आधुनिक उपकरणों से लैस होनी चाहिए। अभी 40 अश्वों की आवश्यकता और है, कुंभ में इसकी आवश्यकता पड़ेगी। इनकी क्रय और प्रशिक्षण की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी की जाए। प्रदेश में पहली बार होने जा रही कंडम वीपन्स के निस्तारण की प्रक्रिया को सावधानी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ साइबर क्राइम की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। हमें इसके लिए हर स्तर पर सतर्क होना होगा। साइबर फ्रॉड के संबंध में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। शिक्षक, उद्यमियों, व्यापारियों, चिकित्सकों सहित अलग-अलग वर्गों के साथ समय-समय पर गोष्ठियां की जाएं, लोगों को साइबर अपराध की घटनाओं से अवगत कराएं, सुरक्षा के तौर-तरीकों से अवगत कराएं। योगी ने कहा कि सभी जिलों में साइबर क्राइम थाने स्थापित किये जा रहे हैं। इनके भवन निर्माण की कार्यवाही में अनावश्यक देर न की जाए। आवश्यकतानुसार मानव संसाधन की व्यवस्था करें। भारत सरकार द्वारा साइबर फॉरेंसिक लैब की स्थापना का प्रस्ताव है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। हर जिले के हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क क्रियाशील रखें। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तत्काल रिस्पॉन्स होना चाहिए। 
फॉरेंसिक इंस्टिट्यूट, लखनऊ को साधन-संपन्न बनाने के लिए सरकार हर आवश्यक सहयोग देगी। इसके निर्माण संबंधी अवशेष कार्यों को यथाशीघ्र पूरा कराएं। 

ईरान के परमाणु ठिकानों को नेस्तनाबूद करें

ईरान के परमाणु ठिकानों को नेस्तनाबूद करें 

अखिलेश पांडेय 
वाशिंगटन डीसी/जेरूसलम। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति एवं रिपब्लिकन व्हाइट हाउस के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल से कहा है कि वह जवाबी कार्यवाही करते हुए सबसे पहले ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें नेस्तनाबूद करें। 
अमेरिका के राष्ट्रपति रहे डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तरी कैरोलिना में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए इसराइल से कहा है कि ईरान की ओर से किए गए हमलों के जवाब में इसराइल को सबसे पहले ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें उड़ा देना चाहिए। रैली संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा है कि कि हमारे लिए सबसे बड़ा जोखिम ईरान के पास मौजूद परमाणु हथियार है। 
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इसराइल को सबसे पहले परमाणु ठिकानों पर बम गिरते हुए उन्हें नेस्तनाबूद कर देना चाहिए। बाकी की चिताओं की बात बाद में की जा सकेंगी। 

'संपूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया

'संपूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया 

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील चायल में जनशिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के दिए निर्देश

कौशाम्बी। जिले के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील चायल में जनशिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण/समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएं कि कोई भी शिकायत लम्बित न होने पाएं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। समाधान दिवस में शिकायतकर्ता सोहन लाल, श्रीनाथ एवं पंक्षीलाल निवासी ग्राम-बसुहार द्वारा 
प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि प्रार्थीगणों को 2016 में पट्टा आवंटित हुआ था, उस पर कब्जा भी किया जा चुका हैं। किंतु, चौकी इंचार्ज द्वारा बार-बार कब्जा हटाने के लिए डराया धमकाया जाता है। जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शिकायतकर्ती शकुन्तला देवी (ग्राम प्रधान) निवासिनी ग्राम-घूरी लोही द्वारा प्रार्थना-पत्र के माध्यम से ग्रामसभा की मेन रोड पर जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता राहुल कुमार साहू निवासी ग्राम-बेनीराम कटरा द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि सड़क चौड़ीकरण में मुआवजा सूची में पैसा कम दर्शाया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने सक्षम अधिकारी को जॉच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 
तहसील मंझनपुर में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा तहसील सिराथू में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। 
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय  कुमार एवं उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें। 
गणेश साहू 

'तनु वेड्स मनु 3' में ट्रिपल रोल निभाएंगी कंगना

'तनु वेड्स मनु 3' में ट्रिपल रोल निभाएंगी कंगना 

कविता गर्ग 
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत फिल्म 'तनु वेड्स मनु 3' में ट्रिपल रोल निभाती नजर आ सकती हैं। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी फिल्म 'तनु वेड्स मनु' वर्ष 2011 में रिलीज हुई थी। इसकी दूसरी किस्त 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' वर्ष 2015 में प्रदर्शित हुई। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा कलेक्शन किया। दोनों फिल्म में कंगना रनौत और आर. माधन ने मुख्य भूमिका निभायी थी। अब दर्शकों को इसकी तीसरी किस्त का बेसब्री से इंतजार है। 
कहा जा रहा है कि 'तनु वेड्स मनु' की तीसरी किस्त की तैयारी की जा रही है। चर्चा है कि निर्देशक आनंद एल राय और उनके राइटिंग पार्टनर हिमांशु शर्मा ने 'तनु वेड्स मनु 3' की कहानी को अंतिम रूप दे दिया है। कहा जा रहा है कि 'तनु वेड्स मनु 3' में कंगना रनौत ट्रिपल भूमिका में नजर आ सकती हैं। यदि सबकुछ सही रहा तो कंगना पहली बार तीन किरदार में नजर आएंगी। 'तनु वेड्स मनु 3' की शूटिंग 2025 के मध्य में शुरू होने की संभावना है। 

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-351, (वर्ष-11)

पंजीकरण संख्या:- UPHIN/2014/57254

2. रविवार, अक्टूबर 06, 2024

3. शक-1945, आश्विन, शुक्ल-पक्ष, तिथि-चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2079‌‌। 

4. सूर्योदय प्रातः 05:39, सूर्यास्त: 06:58।

5. न्‍यूनतम तापमान- 34 डी.सै., अधिकतम- 39 डी.सै.। गर्जना के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।

7. स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय (डिजीटल सस्‍ंकरण)। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित) 

नवरात्रि का चौथा दिन मां 'कूष्मांडा' को समर्पित

नवरात्रि का चौथा दिन मां 'कूष्मांडा' को समर्पित  सरस्वती उपाध्याय  नवरात्र-पूजन के चौथे दिन कूष्मांडा देवी के स्वरूप की उपासना की जा...