शनिवार, 14 सितंबर 2024

टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया 

सुनील श्रीवास्तव 
हुलुनबुइर। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को पूल स्टेज के एक मैच में हरमनप्रीत सिंह की टीम इंडिया ने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। कप्तान हरमनप्रीत ने दोनों गोल दागे। भारत की यह इस टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत रही। टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। 
भारत ने अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने मलयेशिया को 8-1 से रौंदा था। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने जापान को 5-1 से शिकस्त दी थी। वहीं, चौथे मैच में चीन को हरमनप्रीत की टीम ने 3-0 से हराया था। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में 21 गोल दागे हैं, जबकि चार गोल खाए हैं। भारत के डिफेंस ने शानदार काम किया है। हरमनप्रीत ने इस टूर्नामेंट में पांच गोल, अराइजीत सिंह ने तीन गोल दागे। 
भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 13वें मिनट और 19वें मिनट ने दोनों गोल दागे। वहीं, पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल अहमद नदीम ने सातवें मिनट में किया था। उन्होंने गोल से पाकिस्तान को 1-0 से आगे कर दिया था। हालांकि, हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग टीम इंडिया की वापसी कराई। सेमीफाइनल के मुकाबले 16 सितंबर और फाइनल मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा। 
पिछले कुछ समय से भारतीय हॉकी टीम का पाकिस्तान के खिलाफ पलड़ा काफी भारी रहा है। 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से रौंद दिया था। यह भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत में से एक रही थी। इससे पहले चेन्नई में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया था। जकार्ता में 2022 एशिया कप में युवा भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 1-1 से ड्रॉ पर रोका, जबकि 2021 के एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर कांस्य पदक जीता था। 
इस साल एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत समेत कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत इस टूर्नामेंट को जीतने का प्रबल दावेदार है। भारत ने पिछले साल घरेलू मैदान पर खिताब जीता था। भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा चार बार इस खिताब को अपने नाम किया है। वहीं, पाकिस्तान ने तीन बार टूर्नामेंट जीता है। दक्षिण कोरिया सिर्फ एक ही बार टूर्नामेंट जीत पाया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

सेना से आने वाले हर अग्निवीर को नौकरी मिलेंगी

सेना से आने वाले हर अग्निवीर को नौकरी मिलेंगी  राणा ओबरॉय  फरीदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा की चुनावी रैली में कहा कि सेना ...