रविवार, 2 जून 2024

अगली सरकार ‘इंडिया’ गठबंधन की बनेगी: कांग्रेस

अगली सरकार ‘इंडिया’ गठबंधन की बनेगी: कांग्रेस 

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। कांग्रेस नेताओं ने रविवार को विश्वास जताया कि पार्टी कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में एग्जिट पोल में लगाए गए अनुमानों से कहीं बेहतर प्रदर्शन करेगी तथा जोर देकर कहा कि अगली सरकार ‘इंडिया’ गठबंधन की बनेगी। 
कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, झारखंड, असम, हिमाचल प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों के नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत अच्छा होगा, जो एग्जिट पोल के सभी अनुमानों को झुठला देगा।
यह बात कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश द्वारा विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेताओं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं के साथ मीडिया की मौजूदगी में ‘ऑनलाइन बातचीत’ के दौरान कही गई। जयराम रमेश के साथ ‘जूम कॉल’ पर बातचीत के दौरान असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में कम से कम सात सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में कथित आंतरिक कलह और ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रभाव से कांग्रेस को फायदा हुआ है। राज्य में लोकसभा की 14 सीट हैं।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि सभी सर्वेक्षणों में कांग्रेस को सात-नौ सीट दी गई हैं। उन्होंने कहा, “हम नौ सीट पर आगे हैं, एक सीट आम आदमी पार्टी को मिलेगी और तीन सीट ऐसे उम्मीदवारों को मिलेंगी जो किसी भी तरह से राजग या प्रधानमंत्री की मदद नहीं करेंगे। ‘इंडिया’ को कम से कम 10 सीट मिलेंगी... पंजाब में, राजग को एक भी सीट नहीं मिलने वाली है।”
राज्य में 13 संसदीय सीट हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस को दो-संसदीय सीट पर बढ़त हासिल है तथा पहाड़ी राज्य की दो अन्य सीट पर कड़ी टक्कर है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस उन छह विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल करेगी, जहां उपचुनाव हुए हैं। 
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि राज्य में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस द्वारा पूरी की गई गारंटियों की लोकप्रियता के कारण उनकी पार्टी 28 में से कम से कम दो-तिहाई सीट जीतेंगी। बिहार कांग्रेस प्रमुख अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में जिन नौ सीट पर चुनाव लड़ी है, उनमें से 6-7 सीट निश्चित रूप से जीतेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिलकर बिहार की 40 सीटों में से करीब 20 सीटें जीतेगी।
झारखंड कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने दावा किया कि राज्य की 14 सीटों में से ‘इंडिया’ गठबंधन को आठ से दस सीटें मिलेंगी। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि पार्टी 16 सीटें जीतेगी और महा विकास आघाड़ी गठबंधन को राज्य की 48 में से 38-40 सीटें मिलेंगी। पटोले ने कहा कि लोग इन चुनावों में भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं। राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी राज्य में कम से कम 12-13 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में शेष सीटों पर कड़ा मुकाबला है, जहां कुल 25 संसदीय क्षेत्र हैं। 
ऑनलाइन बातचीत के दौरान गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी ने राज्य में मजबूती से लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस चार से पांच सीटें जीतेगी और करीब 12 सीटों पर कड़ी टक्कर होगी। गुजरात में कुल 26 लोकसभा सीटें हैं। उन्होंने दावा किया कि ये एग्जिट पोल लोगों को गुमराह करने और मतगणना एजेंटों पर दबाव बनाने का प्रयास है। 
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में 10 में से कम से कम आठ सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने भी इस दौरान बात की और उन्होंने अपने-अपने राज्यों में एग्जिट पोल में लगाए गए अनुमानों से कहीं बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। उत्तर प्रदेश में 80 सीटें हैं और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था। 
मीडिया के समक्ष यह असामान्य बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले ही शनिवार को आए एग्जिट पोल में अनुमान व्यक्त किया गया कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहेंगे, तथा भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा चुनावों में भारी बहुमत मिलने की उम्मीद है। डिजिटल संवाद में बोलने वाले सभी राज्य नेताओं ने एग्जिट पोल को भाजपा द्वारा “कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल कम करने” के लिए खेले जा रहे मनोवैज्ञानिक खेल का हिस्सा बताते हुए इसे खारिज कर दिया। 
एग्जिट पोल की आलोचना करते हुए रमेश ने कहा कि एग्जिट पोल पूरी तरह से फर्जी हैं और चुनावों में धांधली को सही ठहराने का जानबूझकर किया गया प्रयास है। उन्होंने कहा कि ये सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ गठबंधन के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए खेले जा रहे “मनोवैज्ञानिक खेल” का हिस्सा है। लोकसभा चुनाव के नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

एशिया में 6 टेस्ट मैच खेलने को तैयार है 'न्यूजीलैंड'

एशिया में 6 टेस्ट मैच खेलने को तैयार है 'न्यूजीलैंड'  अखिलेश पांडेय  नई दिल्ली/वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड की टीम अगले कुछ महीनों के अंदर ...